/bansal-news/media/media_files/2025/12/28/mp-ccold-wave-2025-12-28-16-17-39.jpg)
MP Cold Wave: एमपी में ठंड पूरे सबाब पर है। दिन में धूप से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम और रात में ठंड हाड़ कंपा रही है। ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और विंध्य में सर्दी का सबसे ज्यादा असर है। बीती रात रीवा सबसे ठंडा रहा। वहां का टेम्प्रेचर 3.2 डिग्री रहा। वहीं ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड में शीतलहर का प्रकोप हैं। राजधानी भोपाल (4.8 डिग्री) में पारा 5 डिग्री से कम रहा।रविवार सुबह कई जिलों में कोहरे का असर दिखाई दिया। जिसका असर रेलों पर भी रहा। दिल्ली की ओर आने वाली मालवा एक्सप्रेस 4 घंटे देरी से चल रही है।
शताब्दी समेत ये ट्रेनें भी हुई लेट
कोहरे के कारण शताब्दी, झेलम, सचखंड जैसी एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें भी लेट चल रही हैं। सुबह के समय अनेक जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने रविवार, 28 दिसंबर को भोपाल, इंदौर, सीहोर, राजगढ़ समेत 5 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट भी जारी किया है।
ग्वालियर में इंदौर से ज्यादा ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार-रविवार की रात इंदौर की तुलना में ग्वालियर का तापमान कम रहा। इंदौर में तापमान 6.6 डिग्री, ग्वालियर में 6.2 डिग्री, उज्जैन में 8.5 डिग्री और जबलपुर में 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा के बाद, प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर राजगढ़ रहा, जहां तापमान 3.5 डिग्री था। इसके अलावा, पचमढ़ी में 3.8 डिग्री, नौगांव में 4.2 डिग्री, उमरिया में 4.5 डिग्री, खजुराहो में 4.8 डिग्री, मलाजखंड में 5.1 डिग्री, रायसेन में 5.6 डिग्री, शिवपुरी-मंडला में 6 डिग्री, दतिया में 6.3 डिग्री, दमोह में 6.8 डिग्री, सतना में 7.1 डिग्री, छिंदवाड़ा में 7.8 डिग्री, टीकमगढ़ में 8 डिग्री, गुना, सीधी-श्योपुर में 8.2 डिग्री, बैतूल में 8.5 डिग्री, रतलाम में 8.6 डिग्री, सागर-खंडवा में 9 डिग्री, खरगोन में 9.2 डिग्री, धार में 9.5 डिग्री और सिवनी में पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोहरे का ट्रेनों पर असर
शनिवार को ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में घना कोहरा छाया रहा। अन्य शहरों में भी कोहरे का प्रभाव देखा गया। इस कारण दिल्ली से आने वाली ट्रेनें लेट हो गईं।
वहीं, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, मंदसौर, इंदौर, सिवनी, शहडोल और अनूपपुर में ठंडी हवाएं चल रही थीं।
हिमालय से आ रहीं हवाएं बढ़ा रहीं ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 दिसंबर को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर असर डाल सकता है। इसका प्रभाव एमपी में भी देखने को मिलेगा। सर्द हवाओं के चलते ठंड का मिजाज और भी तीव्र हो सकता है।
जेट स्ट्रीम की गति 222 किमी प्रति घंटा
इस समय जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम का प्रभाव है। शनिवार को यह जमीन से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 222 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से बह रही थी। रविवार को भी इसी गति का अनुमान है।
क्या होती है जेट स्ट्रीम ?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में ठंड बढ़ने का एक मुख्य कारण जेट स्ट्रीम है। यह लगभग 12 किमी की ऊंचाई पर चलने वाली तेज हवा है। इस बार इसकी रफ्तार 262 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई है। यह देश के उत्तरी हिस्से में सक्रिय है।
पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवा के साथ-साथ यह ऊंची हवा सर्दी को बढ़ा रही है। जब उत्तर के मैदानी इलाकों से ठंडी हवा और पहाड़ी क्षेत्रों से बर्फीली हवा हमारे इलाके में आती है, तब ठंड काफी बढ़ जाती है। यह सब उत्तर भारत में आने वाले मौसमी सिस्टम वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण होता है। ऐसे में अगर जेट स्ट्रीम भी बन जाए, तो सर्दी दोगुनी हो जाती है। इस बार यही स्थिति है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us
चैनल से जुड़ें