/bansal-news/media/media_files/2026/03/04/cg-raipur-ganja-smuggler-arrested-2026-03-04-22-15-48.jpg)
CG Raipur Ganja Smuggler Arrested: राजधानी रायपुर में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 28.621 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जप्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 41 हजार 50 रुपये आंकी गई है। मामले में थाना कबीर नगर में नारकोटिक एक्ट की धारा 20सी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को 3 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि थाना कबीर नगर क्षेत्र के सीतानगर गोगांव रोड स्थित अविनाश आशियाना के पीछे भाठा में एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अविनाश अग्रहारी पिता महेश अग्रहारी निवासी कुढ़ा थाना नसीराबाद जिला रायबरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके ट्रॉली बैग और अन्य बैग से कुल 28.621 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
बरामद गांजा की कीमत लगभग 14 लाख 31 हजार 50 रुपये आंकी गई है, जबकि मोबाइल फोन सहित कुल जप्त संपत्ति की कीमत करीब 14 लाख 41 हजार 50 रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र संदीप कुमार पटेल द्वारा की गई। अधिकारियों ने मामले में एंड टू एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
इस साल 16 मामलों में 34 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट द्वारा गांजा तस्करी के 16 मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 185.002 किलोग्राम गांजा, 2 लाख 5 हजार 700 रुपये नगद, दो चारपहिया वाहन और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जप्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 5 लाख 17 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़ें: CG Rajya Sabha Election 2026: फूलोदेवी नेताम फिर जाएंगी राज्यसभा, महंत के घर पहुंचकर लिया आशीर्वाद
नेटवर्क की तलाश में पूछताछ जारी
गिरफ्तार आरोपी अविनाश अग्रहारी से पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश भी की जा रही है और नशीले पदार्थों की तस्करी के पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए जांच जारी है।
नशे के खिलाफ विशेष टास्क फोर्स सक्रिय
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन अवैध और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों, सिरप और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए किया गया है। टीम को सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई करने और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us