/bansal-news/media/media_files/2026/02/20/breaking-news-2026-02-20-12-52-12.jpg)
CG Instagram Escort Scam: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत देश के कई शहरों में सोशल मीडिया के जरिए देह व्यापार और ऑनलाइन ठगी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।
इंस्टाग्राम पर एस्कॉर्ट सर्विस के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़कियों की तस्वीरें और सर्विस रेट दिखाए जा रहे हैं। इसके बाद लोगों को टेलीग्राम पर रीडायरेक्ट कर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।
इंस्टाग्राम से टेलीग्राम तक फैला नेटवर्क
जानकारी के मुताबिक इस नेटवर्क के संचालक इंस्टाग्राम पर सैकड़ों फर्जी प्रोफाइल बनाते हैं। इन प्रोफाइल में लड़कियों की तस्वीरें और अलग अलग सर्विस पैकेज के रेट लिखे होते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति संपर्क करता है, उसे बातचीत के लिए टेलीग्राम पर भेज दिया जाता है।
टेलीग्राम पर मौजूद एजेंट ग्राहकों को एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर अलग अलग पैकेज ऑफर करते हैं और एडवांस पेमेंट की मांग करते हैं। कई मामलों में पैसे लेने के बाद संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया जाता है।
फर्जी प्रोफाइल और विदेशी नंबरों का इस्तेमाल
इस गिरोह द्वारा अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी प्रोफाइल और विदेशी नंबरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे इनकी वास्तविक पहचान तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। गिरोह लगातार नई प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया पर तस्वीरें और पोस्ट साझा करता रहता है।
ग्राहकों को लुभाने के लिए अजीब दावे
लोगों को आकर्षित करने के लिए गिरोह अपनी सर्विस को “पिज्जा से भी सस्ती और फास्ट डिलीवरी” बताकर प्रचार करता है। इसके जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को जाल में फंसाने की कोशिश की जाती है।
साइबर टीम की नजर
पुलिस सूत्रों के अनुसार रायपुर समेत कई शहरों में इस तरह के ऑनलाइन नेटवर्क के सक्रिय होने की जानकारी मिली है। साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रख रही है और संदिग्ध अकाउंट्स की जांच की जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया का इस तरह दुरुपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को अनजान प्रोफाइल और एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर किए जा रहे ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: रंगोत्सव का महाकुंभ: इंदौर की ऐतिहासिक गेर और भोपाल-उज्जैन में फगुआ की धूम, देखिए खूबसूरत तस्वीरें
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us