/bansal-news/media/media_files/2026/02/08/hjhdsasdh-hasdh-2026-02-08-21-52-37.jpg)
Shoeb Dhebar Threat Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर शराब कारोबारी परिवार से जुड़े युवक का नाम विवादों में आ गया है।
बता दें, शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर पर स्कूल संचालक की गाड़ी को टक्कर मारने और बीच सड़क गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है।
जिसके बाद,इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
6 फरवरी की रात 10 बजे की है घटना
यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। वायरल वीडियो 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे का बताया जा रहा है। पीड़ित स्कूल संचालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
स्कूल संचालक ने पुलिस को बताई पूरी घटना
शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा ने तेलीबांधा पुलिस को बताया कि वे विधायक कॉलोनी, मकान नंबर 1/9 तेलीबांधा के निवासी हैं और विशेष बच्चों के लिए एक स्कूल का संचालन करते हैं।
6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वे विधायक कॉलोनी से VIP रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वे अपनी कार क्रमांक CG-04-PY-5003 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक फॉर्च्यूनर (इननोवा/इडिवर) कार के चालक शोएब ढेबर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी गाड़ी को स्क्रैच मार दिया।
बीच सड़क गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
आरबी मिश्रा ने जब शोएब से गाड़ी सावधानी से चलाने को कहा, तो आरोपी ने बीच सड़क अपनी गाड़ी रोक दी। इसके बाद वह गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरा घटनाक्रम अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी फरार
घटना के बाद आरबी मिश्रा सीधे तेलीबांधा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। तेलीबांधा पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पहले भी विवादों में रह चुका है शोएब ढेबर
शोएब ढेबर का नाम इससे पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है।7 अगस्त 2025 को शोएब बिना अनुमति जेल के मुलाकात कक्ष में घुस गया था। इस दौरान उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए शोएब की किसी भी कैदी से मुलाकात पर रोक लगा दी थी।
जेल अधीक्षक के आदेश में कहा गया था कि इस घटना से जेल की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन प्रभावित हुआ है। इसके बाद जेल प्रहरी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने शोएब के खिलाफ मामला दर्ज किया था और तीन महीने के लिए उस पर प्रतिबंध लगाया गया था।
जूक क्लब में व्यापारी से मारपीट
19 सितंबर 2024 को भी शोएब ढेबर का नाम जूक क्लब में मारपीट के मामले में सामने आया था। पार्किंग में गाड़ी रिवर्स करने को लेकर हुए विवाद के बाद शोएब ने एक कारोबारी के साथ मारपीट की थी। पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने शोएब को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
IP क्लब फायरिंग केस में भी आ चुका है नाम
करीब 5 साल पहले रायपुर के IP क्लब में हुए फायरिंग और मारपीट के मामले में भी शोएब ढेबर का नाम सामने आया था। मंदिर हसौद थाने में दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने शोएब और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
पुलिस बोली जल्द होगी गिरफ्तारी
तेलीबांधा थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, शिकायत और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: अर्का परिमल गुलाब पर मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सराहना: देसी खुशबू वाली नई वैरायटी को बताया अद्भुत
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us