छत्तीसगढ़ में ठंड और घने कोहरे का डबल अलर्ट: शीत लहर की चेतावनी, तापमान में और गिरावट के आसार

छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए ठंड और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। बर्फीली हवाओं के असर से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है।

CG Cold Wave Alert

CG Cold Wave Alert

Chhattisgarh Cold Alert: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ठंड ने अपने तेवर तीखे कर लिए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है और कई इलाकों में शीत लहर जैसी स्थिति बन गई है।

यह भी पढ़ें: रायपुर में विदेशी छात्र की मौत मामले में बड़ा खुलासा: पुलिस ने यूनिवर्सिटी के तीन विदेशी छात्रों को किया गिरफ्तार, ये जानकारी आई सामने

सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन

प्रदेश के उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा परेशान कर रही है। सरगुजा, अंबिकापुर, पेंड्रा, रायगढ़, जसपुर और कोरिया जैसे इलाकों में लोग अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। सर्द हवाओं के कारण दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर बना हुआ है।

वहीं बस्तर संभाग में भी कोहरे का प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है। जगदलपुर–चित्रकूट मार्ग पर घना कोहरा छाने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

बीते 24 घंटों का तापमान

पिछले 24 घंटों में तापमान के आंकड़े ठंड की गंभीरता को साफ दिखा रहे हैं। दुर्ग में अधिकतम तापमान करीब 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 5.5 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान फिलहाल 13.5 डिग्री के आसपास बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में इसमें 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है।

जिलेवार तापमान की स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार अलग-अलग जिलों में तापमान इस प्रकार रहने की संभावना है-

  • अंबिकापुर और सरगुजा क्षेत्र में रात का तापमान 5 से 7 डिग्री और दिन का तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास रह सकता है।
  • सूरजपुर, पेंड्रा, जसपुर और कोरिया में रात का तापमान 7 से 10 डिग्री और दिन का तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
  • रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव और महासमुंद में रात 11 से 13 डिग्री और दिन 25 से 27 डिग्री तक तापमान रह सकता है।
  • दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा, नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर में रात का तापमान 10 से 12 डिग्री और दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

कोहरा और ठंडी हवा का असर

सुबह के समय कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग में दृश्यता कम रहने की आशंका है। ठंडी हवाओं के चलते लोग सुबह-शाम घरों से निकलने में सावधानी बरत रहे हैं।

स्वास्थ्य पर भी दिख रहा असर

लगातार बढ़ती ठंड का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में पिछले एक महीने के दौरान हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम में सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, सुबह और देर रात बाहर निकलने से बचने और ठंडी हवा से खुद को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं और आने वाले दिनों में सर्दी का यह दौर जारी रह सकता है।

ये भी पढ़ें: GPM जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में बवाल: नशे में पहुंचे परिजनों ने महिला डॉक्टरों, स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से की मारपीट, 4 पर FIR

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article