/bansal-news/media/media_files/2026/02/11/dispensary-reopen-high-court-order-2026-02-11-23-42-40.jpg)
Dispensary Reopen High Court Order: तखतपुर नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को नगर से 6 किलोमीटर दूर लीदरी स्थानांतरित किए जाने के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर स्थिति को सामने रखा।
उन्होंने कहा कि नगर में संचालित एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बंद होने से न केवल नगर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी भारी स्वास्थ्य संकट का सामना करना पड़ रहा है।
हाईकोर्ट में पहुंचा मामला, जनहित याचिका दायर
नगरवासियों की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए पार्षद मुन्ना श्रीवास और शैलेंद्र निर्मलकर ने इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। याचिका में बताया गया कि अस्पताल दूर चले जाने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आपात स्थिति में समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
प्रसव और आपात इलाज में सबसे ज्यादा दिक्कत
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि रात्रि के समय प्रसव पीड़ा की स्थिति में महिलाओं को 6–7 किलोमीटर दूर अस्पताल ले जाना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। कई मामलों में समय पर इलाज न मिलने का खतरा बना रहता है। इसी कारण इस मुद्दे को लेकर लगातार आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किए गए।
हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, 30 मार्च की समय-सीमा तय
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने नगर से स्वास्थ्य सुविधा दूर होने पर गंभीर चिंता जताई। न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी 30 मार्च 2026 तक पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में सिटी डिस्पेंसरी प्रारंभ की जाए, ताकि नगरवासियों को त्वरित और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिल सके। साथ ही राज्य सरकार से इस संबंध में जवाब भी तलब किया गया है।
नगर की जनता की जीत: पूजा मक्कड़
नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने हाईकोर्ट के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय तखतपुर की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि इससे हजारों नागरिकों को राहत मिलेगी और उम्मीद जताई कि राज्य सरकार शीघ्र न्यायालय के निर्देशों का पालन करेगी।
30 हजार की आबादी, एक ही सरकारी अस्पताल
गौरतलब है कि तखतपुर नगर में लगभग 30 हजार की आबादी निवास करती है, जिनके लिए नगर में सिर्फ एक ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र था। वर्तमान में उस केंद्र पर ताला लटका हुआ है, जिससे लोगों को इलाज के लिए ग्राम लीदरी जाना पड़ रहा है। इससे गरीब, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और आपात मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
विधायक धर्मजीत सिंह का बयान
तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय का आदेश सर्वोपरि है और शासन प्रशासन उसका पालन करने के लिए बाध्य है। उन्होंने कहा कि यदि न्यायालय ने पुराने भवन में सिटी डिस्पेंसरी शुरू करने का निर्देश दिया है, तो वे इस फैसले का स्वागत करते हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले अस्पताल भवन के चयन में गंभीर त्रुटियां की गईं और बाद में विधिवत स्थानांतरण का विरोध किया गया। उन्होंने इसे दोहरी नीति बताया और कहा कि उनका उद्देश्य केवल तखतपुर की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना है।
सीएमएचओ ने दिए प्रस्ताव भेजने के संकेत
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सुभा गरेवाल ने कहा कि यदि पुराने भवन में सिटी डिस्पेंसरी शुरू करने की मांग है, तो राज्य शासन को विधिवत प्रस्ताव भेजा जाएगा। शासन से दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us