/bansal-news/media/media_files/2026/03/06/chattisgarh-cg-custody-death-update-2026-03-06-22-57-22.jpg)
Chattisgarh (CG) Custody Death Update: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस कस्टडी में एक युवक की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नेशनल हाईवे 49 के बोतल्दा चौक पर चक्काजाम कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं खरसिया थाना प्रभारी राजेश जांगड़े को लाइन अटैच कर दिया गया है और दो पुलिसकर्मियों विसोप सिंह और योगेश साहू पर भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के परसकोल गांव में कुछ दिन पहले अनिल चौहान नाम के युवक की लाश खेत में मिली थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसी घटना से जुड़े एक अन्य ग्रामीण रमेश चौहान को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान रमेश चौहान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे तत्काल खरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रायगढ़ रेफर कर दिया। रायगढ़ में भी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन
रमेश चौहान की मौत की खबर मिलते ही परिजन और चौहान समाज के लोग आक्रोशित हो गए। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जांच, मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने पहले तहसील कार्यालय के सामने धरना दिया। प्रशासन की ओर से समझाइश के बावजूद ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए और बाद में नेशनल हाईवे 49 के बोतल्दा चौक पर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया और आवागमन प्रभावित हुआ।
विधायक उमेश पटेल भी पहुंचे प्रदर्शन में
मामले की जानकारी मिलते ही खरसिया विधायक उमेश पटेल भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के समर्थन में धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। हालांकि प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद देर रात ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप
ग्रामीणों और मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पूछताछ के दौरान रमेश चौहान को प्रताड़ित किया, जिसकी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। इस आरोप के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
कांग्रेस ने भी उठाए सवाल
इस घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पदाधिकारियों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पूछताछ के नाम पर पुलिस ने ग्रामीण को प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार से मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही कांग्रेस की एक स्थानीय टीम पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की जानकारी लेने की बात भी कह रही है।
यह भी पढ़ें: Breaking News Live Update 6 March: अयोध्या में अमिताभ बच्चन का बड़ा निवेश, 35 करोड़ में खरीदी 2.67 एकड़ जमीन
सियासी माहौल भी गरमाया
रमेश चौहान की मौत के बाद यह मामला अब सियासी रंग भी लेने लगा है। विपक्षी दलों ने पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्टर द्वारा मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए जाने के बाद अब इस पूरे मामले की जांच की जाएगी, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us