/bansal-news/media/media_files/2026/02/12/gpm-suicide-case-2026-02-12-15-25-37.jpg)
GPM Suicide Case: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव में शादी में हो रही देरी से निराश प्रेमी-प्रेमिका ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मृतकों की पहचान कृष्णा भैना (18 वर्ष) और अनिता भैना (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे विवाह करना चाहते थे।
शादी में उम्र बनी बाधा
जानकारी के अनुसार, दोनों ने अरपा महोत्सव के दौरान आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पंजीयन कराने की कोशिश की थी। लेकिन लड़के की उम्र कम होने के कारण उनका पंजीयन नहीं हो सका। इसी वजह से शादी टल गई।
परिजनों ने दोनों को समझाया था कि उम्र पूरी होने पर विवाह कर दिया जाएगा। लेकिन शादी में देरी से दोनों मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे।
तीन महीने से साथ रह रहे थे
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले तीन महीने से गांव में ही एक घर में साथ रह रहे थे। हालांकि परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी और वे विवाह के लिए समय का इंतजार कर रहे थे।
एक के बाद एक उठाया आत्मघाती कदम
घटना की रात पहले युवती ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने उसे फंदे से उतारा और परिजनों को जानकारी दी। लेकिन सदमे में वह भी टूट गया और कुछ समय बाद घर के बाहर नीलगिरी के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे गांव और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना युवाओं के मानसिक तनाव और पारिवारिक संवाद की जरूरत पर भी सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों एक-दूसरे से बेहद जुड़े हुए थे और शादी न हो पाने से निराश थे।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us