/bansal-news/media/media_files/2026/03/04/bilaspur-3-friends-stuck-in-dubai-2026-03-04-17-18-27.jpg)
Bilaspur 3 friends stuck in Dubai: ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब खाड़ी देशों की उड़ानों पर भी दिखाई देने लगा है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तीन युवक दुबई में फंस गए हैं।
तीनों दोस्त घूमने के लिए दुबई गए थे, लेकिन लगातार फ्लाइट रद्द होने के कारण उनकी भारत वापसी में देरी हो रही है। हालांकि तीनों युवक फिलहाल होटल में सुरक्षित हैं और लगातार अपने परिवार के संपर्क में बने हुए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक दुबई में फंसे युवकों के नाम शिवम मिश्रा, आकाश अग्रवाल और आयुष अग्रवाल हैं। तीनों दोस्त पैकेज टूर के तहत दुबई घूमने गए थे। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है, जिसका असर इनकी वापसी यात्रा पर भी पड़ा है।
बार बार कैंसिल हो रही फ्लाइट
बताया गया कि तीनों युवकों की पहली वापसी टिकट 28 फरवरी की थी, लेकिन उस दिन उनकी फ्लाइट रद्द हो गई। इसके बाद उन्होंने 3 मार्च की नई टिकट बुक करवाई, लेकिन वह उड़ान भी कैंसिल कर दी गई। लगातार दो बार फ्लाइट निरस्त होने के कारण उनकी दुबई में रुकने की अवधि बढ़ गई है।
अब तीनों युवकों को 5 मार्च की फ्लाइट का टिकट मिला है। उन्हें उम्मीद है कि इस बार उनकी उड़ान निर्धारित समय पर रवाना होगी और वे सुरक्षित भारत लौट पाएंगे।
यह भी पढ़ें:
होटल में सुरक्षित हैं तीनों युवक
शिवम मिश्रा, आकाश अग्रवाल और आयुष अग्रवाल फिलहाल दुबई के एक होटल में ठहरे हुए हैं। तीनों युवक वीडियो कॉल के जरिए लगातार अपने परिवार के संपर्क में बने हुए हैं। उन्होंने परिजनों को बताया कि वे सुरक्षित हैं और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
शिवम मिश्रा ने बुर्ज खलीफा के सामने से एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें उन्होंने दुबई के हालात के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में सामान्य स्थिति बनी हुई है और रोजमर्रा की गतिविधियां जारी हैं।
बुर्ज खलीफा पर किसी तरह का हमला नहीं
वीडियो कॉल के दौरान शिवम ने यह भी साफ किया कि बुर्ज खलीफा पर किसी तरह का कोई हमला नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर उन्होंने कहा कि दुबई में पर्यटक स्थल खुले हुए हैं और शहर में सामान्य गतिविधियां चल रही हैं।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई है और कई फ्लाइट्स को री शेड्यूल किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: भोपाल में निजी नर्सिंग होम में हंगामा: मरीज की मौत के बाद परिजनों का बवाल, पुलिस बल तैनात
केंद्रीय मंत्री से मांगी मदद
दुबई में फंसे शिवम मिश्रा ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से फोन पर संपर्क किया और स्थिति की जानकारी दी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है कि युवकों की सुरक्षित वापसी के लिए जरूरी स्तर पर बात की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Breaking News Live Update 4 March: स्पेन के पीएम सांचेज़ ने यूएस-इज़राइल हमलों की निंदा की
परिवार ने भारत सरकार से लगाई गुहार
इधर युवकों के परिजनों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से मदद की अपील की है। परिवार का कहना है कि विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए और जरूरत पड़ने पर विशेष उड़ानों की व्यवस्था की जाए। परिजन लगातार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संपर्क में हैं ताकि मामले को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जा सके।
पैकेज टूर के तहत गए थे दुबई
शिवम के चचेरे भाई विनय मिश्रा ने बताया कि शिवम अपने दो दोस्तों के साथ पैकेज टूर के तहत दुबई घूमने गया था। उन्हें दुबई पहुंचे करीब आठ दिन हो चुके हैं। योजना के मुताबिक पांचवें दिन उन्हें भारत लौटना था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण उनकी वापसी में देरी हो गई। उन्होंने बताया कि शिवम के पिता राजेश मिश्रा ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी अलग अलग व्यवसाय है।
कलेक्टर बोले आधिकारिक जानकारी नहीं
इस मामले में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि फिलहाल प्रशासन को इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों से जुड़े मामलों की जानकारी आमतौर पर सीधे विदेश मंत्रालय को भेजी जाती है। वहीं से आगे की प्रक्रिया और आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढ़ें: गोरखनाथ मंदिर में उड़े अबीर-गुलाल: CM योगी ने फाग गीतों के बीच जमकर खेली होली!
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us