Advertisment

तस्करी कर लाए गए झारखंड के 14 बच्चों को दिल्ली से छुड़ाया गया

author-image
Bansal News
तस्करी कर लाए गए झारखंड के 14 बच्चों को दिल्ली से छुड़ाया गया

रांची। झारखंड से तस्करी कर लाए गए 12 से 17 साल की उम्र के 14 बच्चों को दिल्ली से मुक्त कराया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक 14 बच्चों में से 11 लड़कियां हैं और वे सभी बच्चे झारखंड के साहेबगंज जिले के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान 12 साल की बच्ची ने बताया कि एक साल पहले उसके गांव के ही एक व्यक्ति ने उसका अपहरण कर लिया था।

Advertisment

राज्य सरकार की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक बच्ची पिछले साल से राष्ट्रीय राजधानी के कई घरों में घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि अपनी मां को खो चुकी लड़की ने जब विरोध किया तो उसे रेड लाइट एरिया में कथित तौर पर बेच दिया गया। एक दिन वह वहां से भाग निकली और एक ऑटो रिक्शा चालक की मदद से दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस ने उसे वहां से बचाया और दिल्ली में झारखंड भवन की मदद से उसके पते की पहचान की गई। नयी दिल्ली में एक एकीकृत पुनर्वास संसाधन केंद्र (आईआरआरसी) स्थापित किया गया है, जो बच्चों को तस्करों से बचाता है और उनके संबंधित जिलों में उनका पुनर्वास कराता है। बचाए गए बच्चों की जानकारी मिलने के बाद साहेबगंज जिला प्रशासन की एक टीम दिल्ली के लिए रवाना हुई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि आईआरआरसी की मदद से सभी बच्चे बृहस्पतिवार को ट्रेन से झारखंड लौट रहे हैं।

Bansal News bansal bhopal news Hindi News Madhya Pradesh MP Breaking News In Hindi Today MP News in Hindi today
Advertisment
चैनल से जुड़ें