Yuva diwas Bhopal 3d Painting Record: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के युवा शक्ति मिशन का पहला हस्ताक्षर अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देखने को मिलेगा। स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन के तहत, इंदौर की शिखा और उनकी टीम द्वारा भोपाल में स्वामी विवेकानंद को समर्पित विश्व की सबसे बड़ी 3D रंगोली बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने के लिए सभी को आमंत्रित किया है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड बनेगा
युवा शक्ति मिशन न केवल युवाओं के लिए खास है, बल्कि यह मध्य प्रदेश को भी गर्वित करने वाला है। इस दिन मध्य प्रदेश के नाम एक और विश्व रिकॉर्ड जुड़ने जा रहा है। 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद जयंती पर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव युवाओं के लिए मिशन का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही भोपाल के शौर्य स्मारक में बनाई जा रही विश्व की सबसे बड़ी 3D रंगोली भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।
रंगोली की विशेषता
यह रंगोली 18,000 स्क्वेयर फीट में बनाई जा रही है, जिसका आकार 225X80 है, और इसमें 4,000 किलो रंगों का इस्तेमाल किया गया है। रंगोली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की छवियां भी शामिल होंगी।
रंगोली क्वीन शिखा शर्मा ने बनाई रंगोली
इंदौर की प्रसिद्ध कलाकार शिखा शर्मा जोशी और उनकी टीम ने इस 3D रंगोली को बनाने में 48 घंटे का समय लिया। शिखा शर्मा, जो देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की ब्रांड एंबेसेडर हैं, नेपाल और थाईलैंड में उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। उन्हें जयपुर के इंटरनेशनल यूथ फेस्टिवल में गोल्ड मेडल भी मिल चुका है। शिखा ने दसवीं कक्षा से ही बच्चों को कला सिखाना शुरू किया था, और अब तक वे विश्वभर के करीब 70 हजार बच्चों को कला सिखा चुकी हैं। उन्हें रंगोली क्वीन के नाम से भी जाना जाता है।
युवा शक्ति मिशन की शुरूआत
उठो, जागो और तब तक मत रुको; जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए…
युवाओं के लिए उन्नति के नए द्वार खोलने हेतु प्रदेश सरकार 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में प्रारम्भ करने जा रही है "स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन" pic.twitter.com/cy3HGXZSyk
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 11, 2025
पीएम मोदी के ध्येय मंत्र को वास्तविकता में बदलने के लिए, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने, उनकी नेतृत्व क्षमता को विकसित करने और उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में मोड़ने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन की शुरुआत की है। इस मिशन को प्रदेश के युवाओं की व्यापक क्षमताओं का उपयोग करने के लिए डिज़ाइन किया गया है और इसे स्वामी विवेकानंद के नाम पर नामित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जनवरी को युवा दिवस के अवसर पर इस मिशन का शुभारंभ करेंगे।
यह भी पढ़ें: भोपाल रेल मंडल में ढलान से मेन लाइन पर 4KM दौड़ा खाली कोच: मिडघाट स्टेशन मास्टर ने रोका, मालगाड़ी से हुआ था डीरेल