/bansal-news/media/media_files/2026/01/05/up-weather-update-2026-01-05-10-01-24.jpg)
UP Weather Update: पिछले तीन-चार दिनों में मौसम ने एक बार फिर तेजी से करवट ली है। पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने से दिन के तापमान में लगातार तीसरे दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेज धूप निकलने के कारण फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। सोमवार दोपहर सड़कों पर ज्यादातर लोग बिना स्वेटर और जैकेट के नजर आए।
सोमवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पश्चिमी जिलों में भी अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, सोमवार सुबह तराई क्षेत्रों, विशेषकर उत्तराखंड और नेपाल से सटे जिलों में कुछ देर के लिए कोहरा छाया रहा, लेकिन इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही तेज धूप खिली रही।
अब कोहरे से राहत
मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से प्रदेशभर में कोहरे का असर खत्म हो जाएगा। लगातार दूसरे दिन भी बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज 28.9 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। कानपुर और वाराणसी में सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल अगले पांच–छह दिनों तक प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र प्रभावी नहीं है। तेज धूप के साथ दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। साफ है कि धीरे-धीरे गर्मी अपनी दस्तक दे रही है।
उत्तर भारत का हाल
उत्तर भारत में तेज धूप अब सर्दी की विदाई का संकेत देने लगी है, हालांकि सुबह और शाम के समय अब भी हल्की गलन बनी हुई है। दिल्ली-एनसीआर में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 फरवरी तक राजधानी का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री रहने की संभावना है। फिलहाल दिल्ली में बारिश के आसार नहीं हैं। हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषण स्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है। उधर, पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी के कारण ठंडी हवाओं का असर अब भी बना हुआ है।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी ठंड का असर दिखाई दे रहा है। पश्चिमी यूपी में तापमान बढ़ रहा है, जबकि गोरखपुर, पीलीभीत, देवरिया और वाराणसी में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि कोहरे का प्रभाव सुबह तक ही सीमित रहा। बुधवार को भी पूर्वी यूपी में सुबह हल्की धुंध रहेगी, इसके बाद तेज धूप निकलने की संभावना है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us