भोपाल: केंद्र सरकार ने 15 अक्टूबर से अनलॉक 5 के तहत स्कूल खोलने का आदेश दिया था, लेकिन इस बारे में पूरा निर्णय प्रदेश सरकार पर छोड़ा था। जिसके बाद अब मध्य प्रदेश सरकार ने बच्चों के स्कूल खोलने के निर्णय को लेकर आदेश जारी किया है। जिसके तहत अब दीपावली के पहले स्कूल नहीं खोले जाएंगे। इस साल स्कूल खोलने का निर्णय 15 नवंबर के बाद लिया जाएगा।
सरकार ने कहा कि 15 नवंबर के बाद भी स्कूलों को खोलने का निर्णय अभिभावकों की अनिवार्य सहमति के बाद ही लिया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग ने सोमवार शाम इस संबंध में आदेश जारी कर दिए।
पहली से 8वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल बंद रहेंगे
कोविड-19 संक्रमण के कारण राज्य में पहली से 8वीं तक के बच्चों के लिए फिलहाल स्कूल पूरी तरह बंद ही रहेंगे। हां 9वीं से 12वीं की क्लास आंशिक रूप से अभी की स्थिति में चलेंगी। इसके लिए सरकार द्वारा जारी कोविड की गाइडलाइन का पूरी तरह सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।