गरियाबंद: जिले में संचालित होने वाले स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की अद्यतन स्थिति के संबंध में आज शिक्षा विभाग और शिक्षण संस्थान के प्राचार्यो की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में विद्यार्थियों के प्रवेश, निर्माण कार्य अधोसंरचना (पुस्तकालय एवं लायबे्ररी) तथा शिक्षक भर्ती/कर्मचारी प्रतिनियुक्ति पर चर्चायें हुई।
कलेक्टर क्षीरसागर ने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के प्राचार्यो से स्कूलवार आवश्यक निर्माण कार्यो हेतु उनके प्लॉनिंग की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि इंफ्रॉस्ट्रक्चर के साथ ही सॉफ्टवेयर के पार्ट पर भी ध्यान देना स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों की जिम्मेदारी है। अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में योग्य शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर लिया जाये। इसी प्रकार तात्कालिक व्यवस्था के तहत इन स्कूलों के लिए लिपिकों की भर्ती भी प्रतिनियुक्ति पर किया जाये।
ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना के तहत जिले में विकासखंड मुख्यालय गरियाबंद के अलावा आगामी शिक्षा सत्र से फिंगेश्वर,छुरा, मैनपुर और देवभोग में भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित किया जायेगा। स्कूलों में विद्यार्थियों का प्रवेश हेतु 10 जून 2021 तक आवेदन आमंत्रित है।