/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/year-ender-2025-sports-india-won-icc-champions-trophy-womens-odi-world-cup-squash-kho-kho-hindi-news-2025-12-31-07-46-27.jpg)
Year Ender 2025 Sports: साल 2025 में खेलों की दुनिया में भारत का तिरंगा हर जगह लहराया। मेंस क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती। विमेंस टीम ने वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया। ब्लाइंड विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप भी भारत के नाम रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने हॉकी एशिया कप से लेकर खो-खो वर्ल्ड कप में भी देश का नाम रोशन किया। साल 2025 में खेलों की दुनिया की सुनहरी यादों को फिर से ताजा करते हैं...
भारत ने जीती ICC चैंपियंस ट्रॉफी
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/icc-champios-trophy-2025-india-win-2025-12-31-07-49-17.jpg)
साल 2025 में भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने एक भी मैच हारे बिना चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। ये जीत दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ आई, जहां भारत ने 4 विकेट से मुकाबला जीतकर तीसरी चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। कप्तान रोहित शर्मा की जीत में अहम भूमिका थी और उन्होंने फाइनल में 76 रन की बेहतरीन पारी खेली। चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था। 57 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप विल यंग और रचिन रविंद्र के बीच हुई थी। इसके बाद डिरेल मिचेल के 63 और माइकल ब्रेसवेल के 53 रन के दम पर 50 ओवर में न्यूजीलैंड 251 रन के ठीक-ठाक स्कोर तक पहुंच गया। वरुण चक्रवर्ती ने 2 और कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए। जडेजा और शमी को 1-1 विकेट मिला। टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने धुआंधार पारी से न्यूजीलैंड को पहले ही बैकफुट पर धकेल दिया। रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच 105 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप हुई। विराट सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। रोहित शर्मा 76 रन बनाकर पैवेलियन लौटे। श्रेयस अय्यर ने 48 और अक्षर पटेल ने 29 रन की पारी खेली। केएल राहुल ने 34 रन बनाए। रविंद्र जडेजा ने विनिंग 4 लगाकर भारत को चैंपियन बना दिया। मैच के हीरो कप्तान रोहित शर्मा रहे।
ICC विमेंस वर्ल्ड कप भारत के नाम
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/womens-odi-world-cup-india-win-2025-12-31-07-50-50.jpg)
महिला क्रिकेट में भी 2025 ऐतिहासिक रहा, क्योंकि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया। 2 नवंबर 2025 को श्रीलंका के खिलाफ नवी मुंबई के डॉ. DY पाटिल स्टेडियम में हुए रोमांचक फाइनल में भारत ने 52 रन की बड़ी जीत दर्ज की और देशभर के क्रिकेट प्रेमियों को गौरवान्वित किया। यह उपलब्धि भारतीय महिला क्रिकेट की दिशा में एक बड़ी छलांग थी, जिसने टीम की तैयारी, गहराई और मानसिक मजबूती को दिखाया। 52 साल के वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरी बार भारतीय महिला टीम वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची थी और हरमन ब्रिगेड ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली। भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका के सामने 299 रनों का लक्ष्य रखा था। शेफाली और दीप्ति ने फिफ्टी जड़ी, लेकिन इसके जवाब में उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 246 रन ही बना पाई। साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोलवार्ट ने शतकीय पारी खेली, लेकिन वो टीम के काम नहीं आ सकी। पहले भारत ने शेफाली के 87 और दीप्ति के 58 रन के दम पर 298 रन बनाए थे, लेकिन साउथ अफ्रीका की टीम इसे चेज नहीं कर सकी। दीप्ति शर्मा ने फाइनल में 5 विकेट झटके। 87 रन बनाने और 2 विकेट लेने वाली शेफाली वर्मा प्लेयर ऑफ द फाइनल रहीं। दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने वर्ल्ड कप में 215 रन बनाए और 22 विकेट अपने नाम किए।
भारत ने जीता पहला ब्लाइंड विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/blind-womens-t20-world-cup-india-win-2025-12-31-07-52-02.jpg)
पहली बार खेले गए ब्लाइंड विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब 23 नवंबर 2025 को भारत ने जीता। टीम ने कोलंबो में खेले गए फाइनल मुकाबले में नेपाल को 7 विकेट से हराया। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया। पी सारा ओवल स्टेडियम में इंडिया विमेंस टीम ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। नेपाल की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी। भारत की गेंदबाजों ने नेपाल की बैटर्स को एक ही बाउंड्री लगाने दी। इंडिया विमेंस ने फिर 12 ओवर में महज 3 विकेट गंवाकर टारगेट हासिल कर लिया। इंडिया विमेंस के लिए फुला सारेन ने 27 गेंद पर 44 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को चैंपियन बनाया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल भी 12 ओवर में ही जीत लिया था। तब ऑस्ट्रेलिया विमेंस ने 109 रन बनाए थे, इंडिया विमेंस ने 1 ही विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया था। टीम इंडिया पूरे वर्ल्ड कप में एक मैच भी नहीं हारी। वर्ल्ड कप में भारत की कप्तानी कर्नाटक की दीपिका टीसी ने की। टीम में देश के 9 अलग-अलग राज्यों से 16 प्लेयर्स को चुना गया था। इनमें कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, असम और बिहार की प्लेयर्स शामिल थीं।
भारत ने 9वीं बार जीता एशिया कप
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/asia-cup-2025-india-win-hindi-news-2025-12-31-07-53-11.jpg)
भारत ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 28 सितंबर 2025 को खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर 9वीं बार एशियाई चैंपियनशिप अपने नाम की। भारत की जीत की नींव तिलक वर्मा की शानदार नाबाद 69 रन की पारी रही, जिन्होंने टीम का एक छोर संभाले रखा। तिलक वर्मा ने 53 गेंदों पर नाबाद 69 रन की पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। तिलक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अभिषेक शर्मा प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। अभिषेक शर्मा ने एशिया कप के 7 मैचों में 314 रन बनाए। उन्होंने 3 फिफ्टी लगाईं। भारतीय टीम ने एशिया कप की ट्रॉफी PCB के मोहसिन नकवी से लेने से इनकार कर दिया और ट्रॉफी नहीं ली।
भारत ने पहली बार जीता स्क्वॉश वर्ल्ड कप
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/squash-world-cup-2025-12-31-07-48-13.jpg)
भारतीय स्क्वॉश टीम ने 14 दिसंबर 2025 को इतिहास रचते हुए स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 का खिताब पहली बार अपने नाम किया। फाइनल में भारत ने हॉन्ग कॉन्ग को हराकर पहली बार ट्रॉफी जीती। 17 साल के अनाहत सिंह ने निर्णायक जीत दर्ज कर भारत की ऐतिहासिक सफलता पर अंतिम मुहर लगाई। यह भारत का पहला स्क्वॉश वर्ल्ड कप खिताब है। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 संस्करण में कांस्य पदक रहा था। दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया, जो उसकी शानदार लय और दबदबे को दिखाता है। ग्रुप स्टेज में भारत ने स्विट्जरलैंड और ब्राजील को 4-0 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में साउथ अफ्रीका और सेमीफाइनल में 2 बार की चैंपियन मिस्र को 3-0 से मात देकर भारत ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। महिला सिंगल्स में उन्होंने वर्ल्ड नंबर 37 ली का यी को 3-1 से हराया। इसके बाद पुरुष सिंगल्स में भारत के शीर्ष रैंक खिलाड़ी अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को 3-0 से शिकस्त देकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। खिताबी मुकाबले में 17 साल के अनाहत सिंह ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने वर्ल्ड नंबर 31 टोमाटो हो को 3-0 से हराकर भारत के लिए ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी। इसके बाद पुरुष सिंगल्स का आखिरी मैच खेलने की जरूरत ही नहीं पड़ी। इस जीत के साथ भारत ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और मिस्र के बाद स्क्वॉश वर्ल्ड कप जीतने वाला चौथा देश बन गया। यह टूर्नामेंट लगातार तीसरी बार चेन्नई में आयोजित हुआ। स्क्वॉश अब 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में डेब्यू करेगा।
भारत के नाम हॉकी एशिया कप 2025
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/india-win-hockey-asia-cup-2025-12-31-07-54-07.jpg)
भारत ने 7 सितंबर 2025 को मेन्स हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब जीता। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टीम इंडिया ने साउथ कोरिया को 4-1 से फाइनल हराया। भारत ने चौथी बार यह खिताब जीता। इस जीत के साथ भारत ने 2026 के वर्ल्ड कप में भी जगह बना ली। भारत से फाइनल मैच के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दाग दिया था। दूसरे क्वार्टर में फिर दिलप्रीत सिंह ने गोल दागा और भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने एक और गोल किया। चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और भारत को 4-0 से आगे कर दिया। साउथ कोरिया से सोन डायन ने इकलौता गोल किया। टीम इंडिया ने 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को फाइनल हराकर चौथी बार टाइटल जीता। भारत ने 2017 में मलेशिया को फाइनल हराकर आखिरी बार एशिया कप जीता था। कोरिया दूसरी बार ही रनर-अप रही। टीम को 2007 में भी भारत ने ही फाइनल हराया था।
भारतीय महिला और पुरुष टीम ने जीता खो-खो वर्ल्ड कप
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/kho-kho-world-cup-india-2025-12-31-07-56-18.jpg)
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/kho-kho-world-cup-mens-2025-12-31-07-56-18.jpg)
भारत की पुरुष और महिला खो-खो टीमों ने 2025 में इतिहास रचकर फैंस को दोहरी खुशी दी। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में नेपाल को अपने-अपने खिताबी मैचों में हराकर भारत ने खो-खो वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीता। भारतीय पुरुष खो-खो टीम ने खिताबी मुकाबले में नेपाल को 54-36 से हराया। महिला टीम नेपाल को 78-40 के अंतर से पटखनी देकर चैंपियन बनी। यह जीत इसलिए खास है, क्योंकि खो-खो वर्ल्ड कप का पहला ही सीजन था।
एशियन यूथ गेम्स में भारत ने जीते 48 मेडल
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/asian-youth-games-2025-news-2025-12-31-08-00-36.jpg)
बहरीन में 22 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच हुए 2025 के एशियन यूथ गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। युवा भारतीय एथलीटों ने 48 मेडल जीते। इसमें 13 गोल्ड, 18 सिल्वर, 17 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। ये भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। युवा खिलाड़ियों ने खेलों की बड़ी कैटेगरी में जैसे कबड्डी, मुक्केबाजी, कुश्ती और वेटलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन करके 2026 यूथ ओलंपिक के लिए क्वालीफाई भी किया।
वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने जीते 22 मेडल
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2025/12/31/world-para-athletics-championship-2025-12-31-07-58-32.jpg)
26 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच खेली गई वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने सबसे सफल प्रदर्शन किया। भारत ने कुल 22 मेडल जीते जिसमें 6 गोल्ड, 9 सिल्वर, 7 ब्रॉन्ज शामिल थे। भारतीय खिलाड़ियों ने हाई जंप, थ्रो इवेंट और रेस में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
जैसे 2025 में भारतीय खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया और अलग-अलग खेलों में झंडे गाड़े। इससे और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद भारतीय खिलाड़ियों से 2026 में भी रहेगी।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us
चैनल से जुड़ें