नबरंगपुर (ओडिशा), 10 जनवरी (भाषा) ओडिशा के नबरंगपुर जिले में रविवार को एक निर्माणाधीन पुल ढहने से एक श्रमिक की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उमरकोट के तलपदार में शाम को जब श्रमिक ढांचे की ऊपरी सतह को बराबर करने का काम कर रहे थे, तभी पुल ढह गया। उन्होंने बताया कि श्रमिक कंक्रीट और लोहे की छड़ों के भीतर दब गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान महेंद्र माली के रूप में हुई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
नेगी नदी के ऊपर पुल का निर्माण भुवनेश्वर का एक ठेकेदार करा रहा था। इसका निर्माण ग्रामीण विकास विभाग की बीजू सेतू योजना के तहत किया जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि पुल के निर्माण का कार्य मार्च 2019 में ही 2.41 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हो जाना था लेकिन ठेकेदार समय पर काम पूरा नहीं कर सका।
इसी बीच ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी और विकास आयुक्त पी के जेना ने नबरंगपुर के कलेक्टर को ठेकेदार और कार्य की जांच करनेवाले अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने को कहा है।
भाषा स्नेहा प्रशांत
प्रशांत