Advertisment

MP Sports: मप्र की महिला हॉकी टीम ने जीती सीनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप, हरियाणा को 1-0 से हराकर लहराया परचम

MP Sports: मप्र की महिला हॉकी टीम ने जीती सीनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप, हरियाणा को 1-0 से हराकर लहराया परचम mp-sports-madhya-pradeshs-womens-hockey-team-won-the-senior-womens-national-championship-beating-haryana-1-0

author-image
Bansal News
MP Sports: मप्र की महिला हॉकी टीम ने जीती सीनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप, हरियाणा को 1-0 से हराकर लहराया परचम

भोपाल। हॉकी मध्यप्रदेश की महिला टीम ने 11वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप-2021 में विजेता होने का गौरव हासिल किया। हॉकी मप्र ने फाइनल में हॉकी हरियाणा को 1-0 से पराजित किया। हॉकी पंजाब की टीम तीसरे स्थान पर रही। हॉकी मप्र की 18 सदस्यीय टीम में मप्र राज्य महिला हॉकी अकादमी की 15 खिलाड़ी शामिल हैं। हॉकी मप्र की टीम की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में हमारी अकादमी की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम फाइनल में पहुंची और खिताब पर कब्जा जमाया। यह इन खिलाड़ियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। मध्यप्रदेश सरकार हॉकी के लिए देश में सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उनके प्रशिक्षक और सभी स्टाफ को खिताबी जीत पर बधाई। टीम की सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं। चैंपियनशिप का आयोजन हॉकी इंडिया द्वारा झांसी में 21 से 30 अक्टूबर तक किया गया।

Advertisment

फाइनल मुकाबला काफी कशमकश भरा रहा। हॉकी मप्र और हॉकी हरियाणा ने मैच के पहले ही मिनट से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। मैच के 9वें मिनट में मप्र हॉकी की टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर कंचन निधि केरकेट्टा ने गेंद को गोल पोस्ट में डालते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद हरियाणा की टीम ने जवाबी हमले किए। मप्र की गोलकीपर नंदिनी कुशवाह ने शानदार बचाव करते हुए टीम के खिलाफ कोई गोल नहीं होने दिया। इस 1-0 के निर्णायक स्कोर के साथ ही हॉकी मप्र की टीम ने राष्ट्रीय सीनियर महिला चैंपियन होने का गौरव हासिल कर लिया। हॉकी पंजाब ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

अकादमी बनीं उम्मीद की किरण, लौट रहा हॉकी का नया युग: खेल मंत्री
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की दोनों हॉकी अकादमी परिणाम दे रही है। मप्र सरकार हमेशा से खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में आगे रही है। हम अपने खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी पुरुष हॉकी अकादमी की सब जूनियर और जूनियर टीमों ने प्रथम हॉकी इंडिया इंटर अकादमी के खिताब हाल ही में जीते हैं। इसके ठीक बाद हमारी महिला खिलाड़ियों ने सीनियर वर्ग में खिताब जीतकर साबित कर दिया कि हम देश में सर्वश्रेष्ठ हॉकी का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह देश में हॉकी के एक नए युग की शुरुआत करने जैसा है। महिला हॉकी अकादमी के कोच परमजीत सिंह और पुरुष हॉकी टीम के कोच ओलंपियन समीर दाद ने खिलाड़ियों पर बहुत मेहनत की है। हमारे प्रशिक्षकों और स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं। उल्लेखनीय है कि रियो ओलंपिक-2016 और टोक्यो ओलंपिक-2020 में मप्र महिला हॉकी अकादमी से खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ। वहीं, कांस्य पदक विजेता पुरुष टीम के खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद मप्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

हॉकी मप्र ने किए 51 गोल
इस महिला चैंपियनशिप में हॉकी मप्र ने शानदार प्रदर्शन किया और एक चैंपियन की तरह खेली। हॉकी मप्र की टीम ने पूरे चैंपियनशिप में कुल 51 गोल दागे। हॉकी मप्र ने सबसे बड़ी जीत गुजरात के खिलाफ 28-0 से दर्ज की। हॉकी मप्र के खिलाफ पूरे चैंपियनशिप में मात्र दो ही गोल हुए। मप्र की उपासना सिंह ने लीग मुकाबले में हॉकी बंगाल के खिलाफ हैट्रिक भी जमाई थी।

Advertisment
Breaking News sports MP Sports News hockey news mp sports hockey mp hockey mp won final mp hockey mp hockey women team
Advertisment
WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें