भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार गिरने MP Congress Tiranga Yatra को एक साल होने वाला है। 20 मार्च को एक साल पूरा होने पर कांग्रेस लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाएगी। जिसको लेकर छिंदवाड़ा में तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा। जिसको लेकर पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष के गंगा प्रसाद तिवारी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें कहा कि बीजेपी ने कमलनाथ सरकार धनबल से गिराकर लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान का अपमान किया। पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना ने कहा कि छिंदवाड़ा में जनहित के कार्य बंद हो गए हैं। छिंदवाड़ा की उपेक्षा लगातार हो रही है। 20 मार्च को कांग्रेस लोकतंत्र सम्मान दिवस के रूप में मनायेगी।
कांग्रेस ने सत्ता का स्वाद चखा था
मध्य प्रदेश में 15 साल शासन के बाद शिवराज सिंह की सरकार गिर गई थी और कांग्रेस ने सत्ता का स्वाद चखा था। कमलनाथ की सरकार 15 महीने भी नहीं चल सकी और 20 मार्च 2020 को मुख्यमंत्री ने अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया था। कमलनाथ सरकार ने 11 दिसंबर 2018 को विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी और 17 दिसंबर को शपथ ली थी।
बीजेपी ने जनता के साथ धोखा किया
पिछले साल मार्च 2020 में कमलनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा था कि उन्होंने पिछले 15 महीनों के दौरान राज्य को एक नई पहचान दिलाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उनकी सरकार को हमेशा अस्थिर करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि आप गवाह हैं कि बीजेपी के लोग कहते थे कि यह 15 दिन की सरकार है। यह सरकार चल नहीं पाएगी, लेकिन हमने काम शुरू किया। उन्होंने आरोप लगाया था कि बीजेपी ने जनता के साथ धोखा किया।