उज्जैन। कृषि मंत्री कमल पटेल का विवादित बयान Minister Kamal Patel Disputed statement सामने आया है, किसान आंदोलन को लेकर कृषि मंत्री ने बयान दिया है। अपने बयान में कमल पटेल ने कहा है कि देश में कुकुरमुत्तों की तरह किसान संगठन ऊग आए हैं। विदेशों से मिलने वाले पैसों पर ये संगठन चलते हैं। इसके अलावा कृषि मंत्री ने विपक्ष को भी आड़े हाथों लेते हुए बयान दिया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब बाढ़ आती है तो सांप, बिच्छु, नेवले इकट्ठे हो जाते हैं कुछ ऐसा ही हाल देश में विपक्ष का बना हुआ है।
मोदी सरकार लगातार विकासकार्य कर रही
कृषि मंत्री के मुताबिक देश में मोदी सरकार लगातार विकासकार्य कर रही है। गौरतलब है कि कृषि कानून को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की सभा होनी है। सभा से एक दिन पहले उज्जैन आए प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने विवादित बयान देकर किसान संगठनों और आंदाेलन को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की।
कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दोनों कन्फ्यूज्ड
मंत्री पटेल ने कहा कि नए कृषि कानून को लेकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दोनों कन्फ्यूज्ड हैं। किसानों को बताया जा रहा है कि मंडिया बंद हो जाएंगी। उद्योगपति लूट लेंगे। उन्हें यह नहीं पता कि यह कानून बिचौलियों से किसानों को बचाने के लिए है। उद्योगपतियों से मुक्ति दिलाने का कानून है।