Weather update: अब महाराष्ट्र हुआ पानी-पानी, आज मुंबई-ठाणे में रेड अलर्ट जारी

मुंबई: आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बाद अब महाराष्ट्र में बारिश ने कहर मचा दिया है। बुधवार से महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे समेत दूसरे इलाकों में बारिश आफत बनकर बरस रही है। वहीं गुरुवार को उत्तरी कोंकण के साथ मुंबई और ठाणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र के इन प्रभावित इलाकों में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ और जनजीवन भी अस्तव्यस्त हो गया है। उधर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अभी भी भारी बारिश के कारण कई लोगों की मौत हो गई, दोनों राज्यों में NDRF ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों राज्यों में भारी मात्रा में जान माल को नुकसान पहुंचा है।
Pune: Waterlogging at Sinhagad Road, following to heavy rainfall in the city#MaharashtraRains pic.twitter.com/hOH7AzRbPv
— ANI (@ANI) October 15, 2020
जगह-जगह जलभराव की बनी स्थिति
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मौसम विभाग ने 3.65 मीटर के हाई टाइड की संभावना जताई है। इससे पहले मुंबई में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गयी है जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है।
लोकर ट्रेनें, बस सेवा प्रभावित
भारी बारिश का असर मुंबई की लोकल ट्रेन व बस सेवा पर भी पड़ा है। बृहन्मुंबई नगर निगम ने शहर के कई हिस्सों में अत्याधिक जलजमाव और भारी वर्षा के बाद आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी प्राइवेट और सरकारी प्रतिष्ठानों के लिए अवकाश घोषित किया है। वहीं दूसरी तरफ कमिश्नर ने भी आदेश जारी कर कहा है कि यदि आवश्यक कार्य न हो तो घरों से बाहर न जायें।
इन इलाकों में पानी भरने से लोग परेशान
भेंडी बाजार, गोल मंदिर, नाना चौक, मुंबई सेंट्रल जंक्शन, बावला कंपाउंड, जेजे जंक्शन, हिंदमाता, काला चौकी, सारथी बार और वर्ली सी फेस में अत्याधिक जल-भराव होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सभी इलाकों में जल की निकासी के लिए कार्य जारी है।
बारिश के कारण पंढरपुर में दीवार गिरने से छह की मौत
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर में भारी बारिश के कारण चंद्रभागा नदी के तट पर बुधवार को एक दीवार गिर गई जिससे छह लोगों की मौत हो गई, पुलिस ने यह जानकारी दी, एक अधिकारी ने कहा कि घटना शहर के कुम्भरघाट के पास अपराह्न ढाई बजे हुई। सोलापुर के पुलिस अधीक्षक तेजस्वी सतपुते ने कहा, “मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं जिनका निवास दीवार के पास था। इसके अलावा मृतकों में दो अन्य लोग भी हैं जिन्होंने बारिश से बचने के लिए आश्रय लिया था।” एसपी ने कहा कि सोलापुर (ग्रामीण) पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।