/bansal-news/media/media_files/2026/03/01/madhya-pradesh-umaria-constable-assaulted-by-youth-viral-video-police-case-registered-hindi-news-zvj-2026-03-01-19-27-21.jpg)
Umaria Police Constable Assault Case: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले से खाकी पर हमले का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के रणविजय चौक पर एक युवक ने सरेराह पुलिस आरक्षक की कॉलर पकड़कर उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। घटना उस समय हुई जब आरक्षक मुकेश सिंह अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे और उन्होंने एक बेसहारा व्यक्ति को पिटता देख हस्तक्षेप किया था। इस पूरी घटना का 32 सेकंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आरक्षक की कॉलर पकड़ी, थप्पड़ मारे
उमरिया के रणविजय चौक पर शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने पुलिस आरक्षक के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, आरक्षक मुकेश सिंह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि विमल लाडिया नाम का एक युवक एक मानसिक रूप से विक्षिप्त (बेसहारा) व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है।
हस्तक्षेप करने पर भड़का आरोपी
इंसानियत के नाते आरक्षक मुकेश सिंह ने जब विमल को उस बेसहारा व्यक्ति को पीटने से मना किया, तो आरोपी उल्टा पुलिसकर्मी पर ही भड़क गया। आरोपी ने आव देखा न ताव और सरेराह पुलिसकर्मी की वर्दी की कॉलर पकड़ ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि आरक्षक को थप्पड़ भी मार दिए।
32 सेकंड का वीडियो हुआ वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वायरल हो रहे 32 सेकंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक बार-बार आरक्षक की कॉलर पकड़ रहा है। बचाव में जब आरक्षक ने जवाबी कार्रवाई की, तो वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने एक बार फिर आरक्षक को थप्पड़ मारा, जिसके बाद भीड़ में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने आरोपी युवक को चांटा जड़ दिया।
आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो अब पुलिस के लिए मुख्य सबूत बन गया है। वीडियो में युवक की गुंडागर्दी साफ तौर पर उजागर हो रही है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। एसडीओपी पीएल परस्ते ने पुष्टि की है कि आरक्षक मुकेश सिंह की शिकायत पर आरोपी विमल लाडिया के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी है ताकि वर्दी पर हाथ डालने वाले लोगों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
Umaria Police, Umaria news
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us