/bansal-news/media/media_files/2025/12/05/congress-alleges-science-house-company-scam-943-crore-tender-press-conference-hindi-news-zvj-2025-12-05-17-16-30.jpg)
कांग्रेस विधायकों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस।
MP Science House Company Congress MLA Press Conference: मध्यप्रदेश में साइंस हाउस कंपनी को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस कार्यालय में तीन विधायकों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि सरकार कंपनी को दोबारा टेंडर देने जा रही है, जबकि पहले ही भारी वित्तीय अनियमितताएँ सामने आ चुकी हैं। कांग्रेस ने लोकायुक्त में शिकायत करने और आरोपियों को जेल भेजने की बात कही है।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक जयवर्धन सिंह ने दावा किया कि निजी कंपनी ने 3 साल में 12 करोड़ लोगों की फर्जी जांच दिखाई और सरकार से 943 करोड़ रुपए का भुगतान लिया। इसके साथ ही कांग्रेस ने लैपटॉप और छात्रवृत्ति की राशि वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाए। विधायकों ने तीन प्रमुख मामले उठाते सरकार पर सवाल किए।
साइंस हाउस कंपनी को लेकर बड़ा आरोप
मध्यप्रदेश की राजनीति में साइंस हाउस कंपनी को लेकर बवाल तेज हो गया है। कांग्रेस ने कंपनी पर बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, विधायक ऋषि अग्रवाल और विधायक देवेंद्र पटेल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर आरोप लगाए।
सरकार ने कंपनी को किया 943 करोड़ का भुगतान
राघौगढ़ विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि साइंस हाउस कंपनी ने 3 साल में 12 करोड़ लोगों की जांच कर देने का दावा किया, जबकि मध्यप्रदेश की आबादी 7.5 करोड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कंपनी को 943 करोड़ रुपए का भुगतान किया है।
जयवर्धन सिंह ने यह भी बताया कि साइंस हाउस ने दो कंपनियाँ बनाई, दोनों ने 2021 में टेंडर में हिस्सा लिया और साइंस हाउस को टेंडर मिल गया। इसके सिर्फ 5 महीने बाद दोनों कंपनियाँ मिलकर साझेदार बन गईं, जो टेंडर नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने साइंस हाउस को दोबारा टेंडर देने की तैयारियों का आरोप लगाया है।
राशि वितरण में हुई गड़बड़ी
विधायक ऋषि अग्रवाल ने छात्रवृत्ति और लैपटॉप वितरण में बड़े घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि गुना जिले में 35 अपात्र छात्रों के खाते में 25-25 हजार रुपए भेजे गए, जबकि छात्रों को इस भुगतान की जानकारी तक नहीं थी।
स्कूलों में अव्यवस्था पर वीडियो जारी
वहीं विधायक देवेंद्र पटेल ने शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था के कई वीडियो जारी किए। उनके अनुसार, रायसेन जिले के खरगोन में एक स्कूल में छात्राओं से झाड़ू लगवाई गई, जबकि एक अन्य स्कूल में शिक्षक नशे में धुत पड़ा रहा। तीसरे वीडियो में स्कूल में जली हुई रोटी और खराब दाल बच्चों को परोसे जाने का दावा किया गया।
कांग्रेस का कहना है कि वह इन मामलों को लेकर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराएगी और आरोपी अधिकारियों एवं कंपनी के संचालकों को जेल तक पहुंचाएगी।
MP news, Science House Company, MP Congress, Congress MLA MP Congress press conference | jaivardhan singh congress, scholarship scam MP | mp politics | madhya pradesh news | madhya pradesh congress
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us
चैनल से जुड़ें