Advertisment

रायसेन जिला अस्पताल में बड़ी लापरवाही: स्टाफ नर्स पर प्रसूता को थप्पड़ मारने का आरोप, इलाज के लिए तड़पती रही महिला; पति ने की शिकायत

रायसेन जिला अस्पताल में एक प्रसूता के पति ने स्टाफ नर्स पर मारपीट और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि नर्स ने उसकी पत्नी को थप्पड़ मारे और रात भर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। मजबूरन प्राइवेट अस्पताल में डिलीवरी करानी पड़ी।

author-image
Vikram Jain
mp raisen district hospital negligence staff nurse slapped pregnant woman complaint hindi news zvj

Raisen District Hospital Negligence: स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावों के बीच रायसेन जिला अस्पताल से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहाँ के बडोदा गांव के एक युवक ने अस्पताल के स्टाफ पर अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट और बदतमीजी करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, जब प्रसूता दर्द से कराह रही थी, तब इलाज देने के बजाय उसे प्रताड़ित किया गया। नर्स ने उसकी पत्नी को थप्पड़ मारे और रात भर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। मजबूरन प्राइवेट अस्पताल में डिलीवरी करानी पड़ी। अब मामले में पीड़ित ने कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत दी है। सिविल सर्जन ने जांच के लिए दल गठित कर दिया है।

Advertisment

प्रसूता के इलाज में लापरवाही का आरोप

रायसेन जिला अस्पताल से लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक प्रसूता के पति ने स्टाफ नर्स और अन्य कर्मचारियों पर इलाज न करने और दुर्व्यवहार के संगीन आरोप लगाए हैं। ग्राम बडोदा निवासी अभिषेक जाटव ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 9 बजे अपनी पत्नी वंदना को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लाए थे। आरोप है कि रात 9 बजे से लेकर सुबह 3 बजे तक उनकी पत्नी असहनीय दर्द से तड़पती रही, लेकिन वार्ड में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। ड्यूटी पर केवल एक स्टाफ नर्स और दो सफाई कर्मचारी ही तैनात थे।

नर्स ने पत्नी को थप्पड़ मारे, की बदतमीजी

पीड़ित अभिषेक ने अधिकारियों को दी गई शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि जब उनकी पत्नी दर्द के कारण चिल्ला रही थी और उन्होंने स्टाफ से ऑपरेशन करने की मिन्नतें कीं, तो स्टाफ नर्स ने जिम्मेदारी लेने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि नर्स ने उनकी पत्नी को थप्पड़ तक मार दिए। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने भी परिवार के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।

भोपाल रेफर करने का बनाया दबाव

हैरानी की बात यह है कि जब प्रसव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी और बच्चे का सिर आधा बाहर आ गया था, तब भी अस्पताल स्टाफ ने मदद करने के बजाय उसे भोपाल रेफर करने का दबाव बनाया। अभिषेक ने समय खराब न करते हुए अपनी पत्नी को शहर के एक निजी अस्पताल 'शीला देवी अस्पताल' में भर्ती कराया। वहाँ डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए सामान्य डिलीवरी कराई, जिससे आज जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

Advertisment

प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप

अभिषेक ने मामले की लिखित शिकायत कलेक्टर, एसपी और सिविल सर्जन को सौंपी है। शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। लोगों में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

सिविल सर्जन बोले- मामले में निष्पक्ष जांच होगी

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशपाल बाल्यान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें शिकायत मिली है। उन्होंने जांच के लिए एक विशेष दल गठित करने के आदेश दिए हैं। डॉ. बाल्यान ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता और स्टाफ के बयान दर्ज किए जाएंगे और यदि लापरवाही या मारपीट की बात साबित होती है, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Raisen District Hospital, Medical Negligence Raisen, Staff Nurse Slapped Pregnant Woman, MP Health Department, Raisen News, Abhishek Jatav Complaint

Advertisment
Raisen District Hospital Medical Negligence raisen news
Advertisment
चैनल से जुड़ें