/bansal-news/media/media_files/2026/02/11/mp-congress-media-department-new-spokesperson-list-aicc-guidelines-hindi-news-zvj-2026-02-11-13-00-36.jpg)
MP Congress Media Department Spokesperson List: मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठन विस्तार के बाद अब मीडिया विभाग में बड़े बदलाव की तैयारी है। दिल्ली स्थित राष्ट्रीय नेतृत्व (AICC) के सख्त निर्देशों के बाद अब मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं की लंबी-चौड़ी लिस्ट को छोटा और प्रभावी बनाया जाएगा। प्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने स्पष्ट कर दिया है कि अब भीड़ के बजाय काबिलियत को मौका दिया जाएगा। इस नई चयन प्रक्रिया के तहत टैलेंट सर्च अभियान चलाया जा रहा है ताकि केवल योग्य चेहरों को ही टीवी और मीडिया के सामने पार्टी का पक्ष रखने का मौका मिले।
एमपी कांग्रेस में प्रवक्ताओं की छंटनी
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने मीडिया विभाग में परिवर्तन करने जा रही है। पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने भोपाल में बड़ा बयान देते हुए कहा कि आगामी सूची में प्रवक्ताओं की संख्या को काफी सीमित रखा जाएगा। सप्ताह भर पहले ही पुराने प्रवक्ताओं की टीम को भंग कर दिया गया था, जिसके बाद अब नई टीम के गठन की प्रक्रिया अंतिम दौर में है।
20 प्रवक्ताओं की 'स्मार्ट टीम'
मुकेश नायक के अनुसार, राष्ट्रीय नेतृत्व (AICC) का स्पष्ट निर्देश है कि मीडिया टीम छोटी लेकिन प्रभावी होनी चाहिए। इस बार प्रदेश स्तर पर केवल 20 प्रवक्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। इसमें उन लोगों को जगह दी जाएगी जो विभिन्न विषयों पर गहराई से जानकारी रखते हों और टीवी डिबेट्स व प्रेस वार्ताओं में पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से रख सकें। नायक ने कहा, "छोटी टीम बनाने का मकसद यह है कि हर प्रवक्ता को काम करने का पूरा मौका और पर्याप्त समय मिले।"
जिला और संभाग स्तर पर भी बड़ा बदलाव
पार्टी ने केवल प्रदेश स्तर पर ही नहीं, बल्कि जिला और संभाग स्तर पर भी प्रवक्ताओं की संख्या तय कर दी है। अब प्रत्येक संभाग और जिले में केवल दो प्रवक्ता नियुक्त किए जाएंगे। इससे पहले जिलों में प्रवक्ताओं की संख्या अनियंत्रित थी, जिससे पार्टी के संदेश में स्पष्टता की कमी रहती थी। अब इस नए फॉर्मूले से पार्टी के प्रचार तंत्र में एकरूपता लाने की कोशिश है।
AICC के 'टैलेंट सर्च' से होगा चयन
मीडिया विभाग में एंट्री के लिए इस बार एआईसीसी के निर्देश पर 'टैलेंट सर्च' प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके तहत उम्मीदवारों के ज्ञान, बोलने की शैली और राजनीतिक मुद्दों पर उनकी समझ का आकलन किया जा रहा है। मुकेश नायक ने भरोसा दिलाया है कि नई लिस्ट में केवल उन्हीं लोगों को मौका मिलेगा जो काबिलियत की कसौटी पर खरे उतरेंगे।
MP Congress, MP Congress Media Department, MP Congress Spokesperson List, MP Congress Mukesh Nayak, Jitu Patwari, AICC, MP Politics, Congress Talent Search, bhopal news, mp news
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us