/bansal-news/media/media_files/2026/01/26/madhya-pradesh-seoni-chhapara-municipal-employee-saves-elderly-man-life-by-cpr-republic-day-hindi-news-zvj-2026-01-26-16-20-44.jpg)
Municipal employee saves life by CPR in Seoni: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान एक भावुक कर देने वाला वाकया सामने आया। यहाँ देशभक्ति के माहौल के बीच अचानक एक बुजुर्ग की जान पर बन आई। झंडावंदन कार्यक्रम के तुरंत बाद वार्ड नंबर 2 में मौजूद बुजुर्ग मुनीलाल उइके को दिल का दौरा पड़ा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। ऐसे संकट के समय नगर परिषद के एक कर्मचारी प्रदीप उइके ने अद्भुत सूझबूझ दिखाई और मौके पर ही CPR देकर बुजुर्ग की डूबती सांसों को वापस लौटा दिया। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब प्रदीप के इस मानवता की चर्चा पूरे नगर में हो रही है।
गणतंत्र दिवस समारोह में बुजुर्ग को आया हार्ट अटैक
सिवनी जिले के छपारा नगर परिषद क्षेत्र के सुभाष वार्ड (वार्ड क्रमांक 2) में रविवार सुबह गणतंत्र दिवस का उल्लास मनाया जा रहा था। ध्वजारोहण के ठीक बाद वहाँ मौजूद बुजुर्ग मुनीलाल उइके अचानक सीने में दर्द की शिकायत के साथ जमीन पर गिर पड़े। बुजुर्ग को बेसुध देख कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
देवदूत बनकर आए प्रदीप उइके
जब लोग घबरा रहे थे, तब नगर परिषद के सह वार्ड प्रभारी प्रदीप उइके ने तत्परता दिखाई। उन्होंने देखा कि बुजुर्ग की सांसें और नब्ज बहुत धीमी पड़ चुकी हैं। प्रदीप ने बिना देर किए मुनीलाल उइके को प्राथमिक उपचार के रूप में कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देना शुरू किया। प्रदीप की लगातार कोशिशों का असर कुछ ही सेकंड में दिखा और बुजुर्ग की सांसें दोबारा चलने लगीं।
अस्पताल में उपचार और हालत स्थिर
मौके पर मौजूद पार्षद दिनेश उइके और प्रभारी गणेश झरिया ने तत्काल वाहन की व्यवस्था की और बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि समय पर मिले सीपीआर ने बुजुर्ग के मस्तिष्क और अंगों तक ऑक्सीजन का प्रवाह बनाए रखा, जिससे उनकी जान बच गई। फिलहाल मुनीलाल उइके खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
प्रेरणा बना प्रदीप का साहस
छपारा नगर में प्रदीप उइके के इस साहसी कार्य की सराहना हर जुबान पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदीप ने न केवल एक कर्मचारी होने का कर्तव्य निभाया, बल्कि गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मानवता की सबसे बड़ी सेवा की है।
Republic Day Celebrations, Seoni News, Chhapara Seoni news | CPR treatment CPR Saves Life, Heart Attack in Republic Day Event, Chhapara Municipal employee Pradeep Uikey, Madhya Pradesh News, First Aid CPR, Chhapara Municipality
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us