/bansal-news/media/media_files/2026/01/31/madhya-pradesh-bjp-hitanand-sharma-11111-2026-01-31-20-09-19.jpeg)
MP BJP Hitanand Sharma Responsibility Changed: मध्यप्रदेश भाजपा में 'पर्दे के पीछे के चाणक्य' कहे जाने वाले प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की विदाई हो गई है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंप दी है। हितानंद शर्मा को अब संघ के मध्य क्षेत्र का 'सह बौद्धिक प्रमुख' नियुक्त किया गया है। उनके कार्यकाल को मध्य प्रदेश भाजपा के इतिहास में सबसे सफल समय में से एक माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक अभेद्य बनाया। उनके नेतृत्व में एमपी बीजेपी तकनीकी और डिजिटल रूप से देश के सबसे सशक्त संगठनों में से एक बनी।
हितानंद शर्मा को मिली नई जिम्मेदारी
मूल रूप से अशोकनगर के रहने वाले हितानंद शर्मा ने मध्य प्रदेश भाजपा में संगठन महामंत्री के रूप में एक लंबा और ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा किया। उनकी विदाई को संघ की कार्यप्रणाली के तहत एक रूटीन रोटेशन (नियमित बदलाव) के रूप में देखा जा रहा है। संघ की परंपरा के अनुसार, प्रचारकों को एक निश्चित समय के बाद नई भूमिकाएं दी जाती हैं, ताकि संगठन में नवीनता और ऊर्जा बनी रहे।
एमपी में 29-0 की जीत के शिल्पकार
हितानंद शर्मा के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत और 2024 के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर ऐतिहासिक 'क्लीन स्वीप' रही। उन्होंने 'बूथ जीता तो चुनाव जीता' के मंत्र को केवल नारा नहीं रहने दिया, बल्कि उसे धरातल पर उतारकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के बीच समन्वय स्थापित करने और पार्टी के भीतर अंतर्कलह को रोकने में उनकी भूमिका निर्णायक रही।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/01/31/hitanand-sharma-2026-01-31-20-40-59.jpg)
RSS में गहरी पकड़
मप्र बीजेपी के संगठन महामंत्री बनने से पहले हितानंद शर्मा सह संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। 2020 में उन्हें प्रदेश सह-संगठन महामंत्री बनाया गया था। 2022 में वे सुहास भगत की जगह पर प्रदेश संगठन महामंत्री बने थे। RSS में ग्वालियर-चंबल अंचल में उनकी गहरी पकड़ मानी जाती है। संगठन में वे अनुशासन और कैडर मैनेजमेंट के लिए जाने जाते हैं।
नई जिम्मेदारी और चुनौतियां
हितानंद शर्मा को अब मध्य क्षेत्र (मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़) का सह बौद्धिक प्रमुख बनाया गया है। यह पद वैचारिक और सांगठनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। उनकी विदाई के साथ ही अब भाजपा में नए संगठन महामंत्री के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी अब किसी ऐसे चेहरे की तलाश में है जो मिशन 2028 (अगले विधानसभा चुनाव) के लिए नई नींव रख सके।
तीन अन्य प्रचारकों को भी मिली नई जिम्मेदारी
हितानंद शर्मा के साथ ही संघ ने तीन अन्य वरिष्ठ प्रचारकों के दायित्वों में भी फेरबदल किया है। इसके तहत सुरेंद्र मिश्रा को अब 'पूर्व सैनिक सेवा परिषद' की कमान सौंपी गई है, जबकि मुकेश त्यागी 'ग्राहक पंचायत' में अपना योगदान देंगे। वहीं, ब्रजकिशोर भार्गव को 'क्षेत्र गो-सेवा प्रमुख' के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है।
नए संगठन महामंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हितानंद शर्मा की संघ में वापसी के बाद अब मध्य प्रदेश भाजपा के अगले 'संगठन महामंत्री' को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, पार्टी और संघ के शीर्ष नेतृत्व ने फिलहाल किसी नए नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन कई संभावित नामों पर मंथन जारी है।
10 वर्षों तक विद्या भारती में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
तहसील प्रचारक से प्रदेश संगठन महामंत्री तक का सफर तय करने वाले हितानंद शर्मा ने 10 वर्षों तक विद्या भारती में भी अपनी सेवाएँ दीं। सुहास भगत के साथ सह-संगठन महामंत्री के रूप में भाजपा में आए शर्मा के कार्यकाल को 'माइक्रो-मैनेजमेंट' और 'तकनीकी नवाचार' के लिए जाना जाता है। उन्होंने मंडल स्तर तक उनके सघन प्रवास और माइक्रो-प्लानिंग ने पार्टी को चुनावी मिशनों में बड़ी कामयाबी दिलाई।
Madhya Pradesh BJP, Hitanand Sharma, RSS, MP News, BJP General Secretary, Mission 2028 BJP MP
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us