/bansal-news/media/media_files/2026/03/05/indore-youth-suicide-tapti-parisar-police-slap-allegation-mental-stress-hindi-news-zvj-2026-03-05-10-04-42.jpg)
Indore Tapti Parisar Suicide Case: इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित ताप्ती परिसर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 23 साल के युवक राज मकवाना ने अपनी ही मल्टी की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मृतक की मां उसे रोकने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उनकी आंखों के सामने ही बेटे ने मौत को गले लगा लिया। परिवार का आरोप है कि टहलने के दौरान गार्ड और पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की और एक पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मारा, जिससे खौफ में आकर उनके बेटे की जान गई है।
पुलिस पर थप्पड़ मारने के आरोप
जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय राज पिता मनोज मकवाना पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और सांस लेने की तकलीफ से जूझ रहा था, बुधवार रात गर्मी लगने के कारण अपनी मल्टी के नीचे टहल रहा था। घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की है। टहल रहे राज को सोसाइटी के गार्ड ने रोका और देर रात घूमने का कारण पूछा। इसी बीच दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। तभी वहां से पुलिस की एक पेट्रोलिंग गाड़ी गुजरी, जिसे गार्ड ने रुकवा लिया।
मां के सामने मल्टी से कूद गया बेटा
परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने राज से पूछताछ की। इस दौरान राज ने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए माफी भी मांगी, लेकिन एक पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया।
राज की मां रेखा मकवाना ने बताया कि पुलिस के थप्पड़ और पकड़े जाने के डर से राज बुरी तरह घबरा गया था। वह बार-बार फ्लैट के अंदर-बाहर करने लगा। उसकी मां उसे समझाने के लिए पीछे-पीछे गईं। राज भागते हुए पांचवीं मंजिल पर पहुँचा। जब तक मां उसे पकड़ पाती, राज ने रेलिंग से नीचे छलांग लगा दी। गंभीर चोटें आने के कारण राज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मानसिक तनाव से जूझ रहा था युवक
शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि राज पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज चल रहा था। परिवार के अनुसार खराब स्वास्थ्य के कारण वह लंबे समय से घर पर ही रह रहा था। उसके पिता बावर्ची का काम करते हैं और परिवार आईडीए की सरकारी मल्टी में रहता है।
भाई माफी मांगता रहा, पर पुलिस ने मारे थप्पड़
मृतक राज की बहन राधिका ने बिलखते हुए बताया कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को बार-बार समझाया कि भाई की तबीयत ठीक नहीं है और वह मानसिक तनाव में है। राज ने भी अपनी गलती न होने के बावजूद पुलिस से हाथ जोड़कर माफी मांगी, लेकिन एक जवान ने उसकी एक न सुनी और उसे थप्पड़ मार दिया।
इस घटना के बाद राज इतना डर गया कि उसके मन में पुलिस का खौफ बैठ गया और वह घबराहट में बदहवास हो गया। जवान बेटे को खोने के बाद पूरा परिवार पूरी रात अस्पताल के बाहर रोता-बिलखता रहा। अपनों की आंखों के सामने ही घर का चिराग बुझ गया, जिसका गम अस्पताल परिसर में मौजूद हर शख्स की आंखों में आंसू ला रहा था।
मामले में पुलिस की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि वे सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। गार्ड और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बयानों की पुष्टि की जा रही है। हालांकि, थप्पड़ मारने के आरोपों पर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Indore Suicide News, Chandan Nagar Police, Tapti Parisar Indore, Youth Jumps from 5th Floor, Police Brutality Allegations, Mental Health, Indore Crime News. Indore Suicide Case | Indore News
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us