Advertisment

हरदा: बंद पड़े सरकारी स्कूल में मिला 6 साल के मासूम का शव, आंगनवाड़ी से लौटते समय लापता हुआ था बच्चा, गले पर चोट के निशान से हत्या की आशंका

हरदा के सुखरास गांव में गुरुवार को बच्चे का शव बंद पड़े सरकारी स्कूल में मिला। बच्चा दोपहर से लापता था। उसके गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

author-image
Vikram Jain
Harda minor boy dead body

Harda minor boy dead body: मध्यप्रदेश के हरदा जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सुखरास में एक साढ़े 5 साल के मासूम बालक का शव गांव के ही एक बंद पड़े खंडहर सरकारी स्कूल में मिला है। मृतक बालक अनिल कोरकू गुरुवार दोपहर 1 बजे से लापता था। बच्चे के गले पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की प्रबल आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से गांव में मातम और डर का माहौल है।

Advertisment

आंगनवाड़ी से लौटते समय लापता हुआ मासूम

हरदा के सुखरास गांव में रहने वाला अनिल कोरकू गुरुवार दोपहर को रोज की तरह आंगनवाड़ी गया था। दोपहर करीब 1 बजे वह आंगनवाड़ी से निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। जब काफी देर तक अनिल का पता नहीं चला, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान रात में उसका शव गांव के ही एक पुराने सरकारी स्कूल के भवन में पड़ा मिला। 

गले पर मिले चोट के निशान, मामला संदिग्ध

जैसे ही परिजन स्कूल के खंडहर में पहुंचे, वहां अनिल का शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बालक के गले पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.एस. तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी।

मां का साया पहले ही उठ चुका था, बड़े पापा ने पाला

मासूम अनिल की कहानी बेहद भावुक करने वाली है। जब वह महज दो महीने का था, तभी उसकी मां का निधन हो गया था। पिता दीपक ने दूसरी शादी कर ली और दूसरे गांव मगरधा में रहने लगे। अनिल को उसके बड़े पिता दिलीप और उनकी पत्नी ने सगे बेटे की तरह पाला-पोसा था। आज अनिल की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।

Advertisment

सीसीटीवी फुटेज में अकेला दिखा बालक

पुलिस जांच के दौरान स्कूल जाने वाले मार्ग पर स्थित एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई है। पुलिस के अनुसार, फुटेज में बालक अकेला पैदल स्कूल की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, उसके पीछे कोई था या नहीं और वह स्कूल के अंदर कैसे पहुंचा, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।

दो साल से खंडहर बना है स्कूल

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि जिस स्कूल में शव मिला है, वह पिछले दो सालों से बंद पड़ा है और खंडहर में तब्दील हो चुका है। सुनसान जगह होने के कारण यहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या अनिल के साथ कोई अनहोनी हुई है या मौत की वजह कुछ और है।

Harda News, Anil Korku Case, Minor Boy Dead Body Harda, Sukhras Village Harda, Civil Line Police Harda, Crime News MP, Child Murder Suspected, harda crime news

Advertisment
crime news mp child murder Sukhras Village Harda Anil Korku Case Minor Boy Dead Body Harda harda news harda crime news
Advertisment
चैनल से जुड़ें