/bansal-news/media/media_files/2026/02/02/chhindwara-lokayukta-traps-computer-operator-taking-bribe-from-nursing-officer-hindi-new-zvj-2026-02-02-22-06-45.jpg)
छिंदवाड़ा में लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई।
Chhindwara CMHO Office Rishwat Case Lokayukta Action: मध्यप्रदेश में लोकायुक्त पुलिस लगातार कार्रवाई के बाद भी रिश्वतखोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। रिश्वतखोर अब लाचार और बीमार लोगों को भी नहीं बख्श रहे। ऐसा ही एक शर्मनाक मामला छिंदवाड़ा से सामने आया है। जहां CMHO कार्यालय में पदस्थ एक कंप्यूटर ऑपरेटर ने मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर एक किडनी की बीमारी से जूझ रही दिव्यांग नर्सिंग ऑफिसर से ही रिश्वत की मांग कर दी। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र यदुवंशी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई
भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने छिंदवाड़ा के सीएमएचओ कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, रोहनाकला स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर पुष्पा बरकाडे गंभीर रूप से बीमार हैं। पुष्पा किडनी की बीमारी से जूझ रही हैं और साथ ही वे दिव्यांग भी हैं। अपनी शारीरिक स्थिति और इलाज की सुविधा को देखते हुए उन्होंने रोहनाकला से छिंदवाड़ा मुख्यालय ट्रांसफर (अटैचमेंट) के लिए आवेदन दिया था।
ट्रांसफर के बदले मांगे थे 50 हजार
नर्स पुष्पा बरकाडे ने अपनी समस्या कलेक्टर की जनसुनवाई में भी रखी थी। कलेक्टर ने मानवीय आधार पर उनकी समस्या को गंभीरता से लिया और तत्काल सीएमएचओ को निर्देश दिए थे कि नर्स को मुख्यालय में अटैच किया जाए। लेकिन, प्रशासनिक आदेशों के बावजूद सिस्टम में बैठे रिश्वतखोर कर्मचारियों ने पुष्पा को परेशान करते रहे। जब पुष्पा आदेश लेकर कार्यालय पहुँची, तो वहां पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र यदुवंशी ने फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रुपयों की मांग शुरू कर दी।
आरोपी का बड़ा दावा- CMHO को पूरे पैसे चाहिए
पीड़ित पुष्पा बरकाडे के अनुसार, जनसुनवाई में कलेक्टर के निर्देश के बावजूद नहीं अटैचमेंट किया जा रहा था, जब उन्होंने अपनी मजबूरी और बीमारी का हवाला दिया, तो कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र यदुवंशी ने साफ लहजे में कहा कि "सीएमएचओ साहब को पूरे पैसे चाहिए, कम में बात नहीं बनेगी।" पुष्पा ने शुरुआत में 20 हजार रुपए देने की पेशकश की थी, लेकिन आरोपी ऑपरेटर 50 हजार रुपये से कम पर राजी नहीं हुआ। परेशान होकर नर्स ने मामले में शिकायत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस से कर दी।
कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी कर्मचारी को रंगे हाथों पकड़ने को लिए जाल बिछाया। जैसे ही नर्सिंग ऑफिसर पुष्पा ने तय 50 हजार रुपए की राशि कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र को थमाई, वैसे ही सादे कपड़ों में तैनात लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों दबोच लिया। हाथ धुलवाते ही आरोपी की उंगलियों से गुलाबी रंग निकलने लगा, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
आरोपी कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। लोकायुक्त पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस रिश्वतकांड के तार विभाग के अन्य बड़े अधिकारियों से भी जुड़े हैं। इस गिरफ्तारी के बाद से जिला अस्पताल और सीएमएचओ कार्यालय के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
Chhindwara CMHO Office Rishwat Case, Chhindwara Rishwat Case, Chhindwara CMHO Office, Chhindwara news, Health Department Bribe case, Jabalpur Lokayukta, CMHO office computer operator arrested, computer operator bribery case
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us