
Bhopal Psycho Killer Arrest: राजधानी भोपाल में सड़क पर चलती युवतियों को घायल करने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गुरुवार, 5 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया। पिछले 6 दिन से से पुलिस को चकमा दे रहा था। जिससे राजधानी की महिलाओं और युवतियों में दहशत थी।
एडिशनल कमिश्नर अवधेश गोस्वामी ने सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान सागर निवासी देवेन्द्र अहिरवार के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच के दौरान 900 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। 100 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। 600 पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड चेक किया।
बाइक का मास्क टूटने पर मिला सुराग
एक युवक के साथ विवाद के दौरान आरोपी देवेंद्र की बाइक का मास्क टूट गया था। इसी छोटे से सुराग ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचाया और उसे अयोध्या नगर इलाके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
आपत्तिजनक वीडियो देखता था आरोपी
जांच में सामने आया है कि आरोपी देवेन्द्र अहिरवार एक विकृत मानसिकता का व्यक्ति है। आरोपी नशे का आदी है और आपत्तिजनक वीडियो देखता था। पत्नी से विवाद के बाद वह गुस्से में अनजान महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। आरोपी पर 2014 में सागर में 5 मामले और भोपाल के पिपलानी थाने में लूट व चोरी के केस दर्ज हैं।
मिनाल इलाके से दबोचा
राजधानी की पुलिस इस साइको किलर को लेकर अलर्ट मोड में थी। रात में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी गई थी। अयोध्या बायपास पुलिस को अतिरिक्त पुलिस बल देकर अलर्ट किया गया था। पुलिस सीसीटीबी भी खंगाल रही थी। इसी बीच बुधवार, 4 फरवरी की देर रात 2 बजे करीब मिनाल इलाके में पुलिस ने उसे दबोचा लिया।
अकेली युवतियों का बना रहा था निशाना
पुलिस के मुताबिक आरोपी सागर का रहने वाला है और निशातपुरा क्षेत्र में मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि पत्नी से झगड़े के बाद वह मानसिक रूप से असंतुलित हो गया था और शराब का आदी भी है। इसी के चलते वह सड़क पर अकेली युवतियों को निशाना बना रहा था।
वारदात की फिराक में था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी अयोध्या नगर इलाके में एक और घटना को अंजाम देने की फिराक में था। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम ने उसे मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालत में देखा। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
चार लड़कियों पर कर चुका हमला
राजधानी में यह 'साइको किलर' पकड़े जाने से पहले ब्लेड से हमला कर चार लड़कियों को घायल कर चुका है। पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश थी। पिछले 6 दिनों से पुलिस को चकरघिन्नी बनाए हुए था। इसके चलते कई इलाकों में लोग डरे हुए थे। सोशल मीडिया पर लड़कियों को अकेले घर से बाहर न निकलने की अपील की जा रही थी।
इन इलाकों में थी साइको किलर की दहशत
राजधानी के कल्पना नगर, सोनागिरी, इंद्रपुरी, नरेला शंकरी, मिनाल रेजिडेंसी और भवानी धाम इलाकों में इन दिनों डर का माहौल था। लोगों ने बताया कि एक अज्ञात युवक, जिसे लोग अब 'साइको किलर' कह रहे हैं बाइक से आता है और पीछे से अचानक पीछे से ब्लेड से हमला करता है।
लड़की को पास बुलाने का इशारा करता था और हंसते हुए मौके से फरार हो जाता था। अब तक उसने सभी चार वारदातों को रात में ही अंजाम दिया था।
लोग दहशत में थे, पुलिस से की थी अपील
स्थानीय रहवासियों का कहना था कि इन वारदातों के बाद से परिजन अपनी बेटियों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे थे। पहले कभी राजधानी में ऐसा नहीं हुआ। हमारी बच्चियां दहशत में थीं। लोगों ने पुलिस से अपील की थी कि जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ा जाए।
पुलिस की 25 से ज्यादा टीमें कर रही थी तलाश
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया था कि पुलिस की 25 से ज्यादा टीमें बनाई गईं। जिससे हजारों CCTV फुटेज की जांच जारी थी। पुलिस अपराधी किस्म के लोगों से भी पूछताछ कर रही थी। पुलिस ने आरोपी का जल्द गिरफ्त करने का दावा किया था। पुलिस ने लोगों से अपील की थी कि कोई संदिग्ध युवक दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
ये भी पढ़ें:अग्निवीर भर्ती 2026 : ग्वालियर-चंबल अंचल के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, इस बार दोगुनी वैकेंसी, जानें डिटेल्स
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us