/bansal-news/media/media_files/2026/02/28/bhopal-nishaatpura-police-arrests-ex-railway-employee-rajesh-tiwari-for-blackmailing-crime-news-zvj-2026-02-28-23-56-27.jpg)
Bhopal Ex Railway Employee Rajesh Tiwari Arrest: राजधानी भोपाल में खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्टिविस्ट बताने वाले एक पूर्व रेलवे कर्मचारी का काला चिट्ठा सामने आया है। निशातपुरा पुलिस ने शनिवार को राजेश तिवारी को एक शख्स को गोमांस तस्कर बताकर बदनाम करने और उससे 3 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से नशीला पदार्थ (MD) और अवैध हथियार भी मिले हैं। साथ ही नोटों की गड्डी गिनते हुए आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
पुलिस को आरोपी के पास से कई आपत्तिजनक दस्तावेज और संदिग्ध वीडियो हाथ लगे हैं। मामले की गहराई से पड़ताल के लिए जब्त किए गए मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। आरोपी पर पहले से ही बलात्कार और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
रेलवे से बर्खास्त कर्मचारी गिरफ्तार
भोपाल के निशातपुरा इलाके में शनिवार को पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के बर्खास्त कर्मचारी राजेश तिवारी को गिरफ्तार किया है। राजेश पर आरोप है कि वह लोगों को गंभीर अपराधों में फंसाने की धमकी देकर उनसे लाखों रुपये की वसूली करता था। ताजा मामला जहांगीराबाद निवासी शाहजेब खान उर्फ जिब्बी की शिकायत पर सामने आया है। आरोपी पर गौमांस तस्करी के खुलासे के नाम पर रंगदारी वसूलने का आरोप है।
3 लाख की डील और वायरल वीडियो
जानकारी के अनुसार, राजेश तिवारी शाहजेब खान को गोमांस तस्कर और भू-माफिया बताकर सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो अपलोड कर रहा था। इन वीडियो को हटाने और बदनामी रोकने के बदले राजेश ने शाहजेब से 3 लाख रुपए की मांग की थी। पुलिस द्वारा जाल बिछाए जाने के बाद, शाहजेब ने राजेश को पैसे देने के लिए बुलाया। जिसके बाद पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ड्रग्स और अवैध हथियार बरामद
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने राजेश तिवारी की तलाशी ली, तो उसके पास से 2 ग्राम MD ड्रग्स और अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मोबाइल में कई संदिग्ध दस्तावेज और अन्य लोगों को ब्लैकमेल करने से जुड़े वीडियो मिलने की आशंका है।
वीडियो को हटाने के बदले लाखों की डिमांड
पुलिस ने यह कार्रवाई जहांगीराबाद निवासी शाहजेब उर्फ जिब्बी की शिकायत पर की है। असलम चमड़ा के करीबी शाहजेब खान उर्फ जिब्बी का आरोप है कि राजेश तिवारी उसे गोमांस तस्कर और भू-माफिया बताकर सोशल मीडिया पर बदनाम कर रहा था। राजेश खुद को एक 'एक्टिविस्ट' बताता था और दावा करता था कि वह बड़े गिरोहों का पर्दाफाश कर रहा है, जबकि असल में वह इन वीडियो को हटाने के बदले लाखों की डिमांड कर रहा था।
वायरल वीडियो- डेढ़ लाख हो गए, बाकी कब दोगे?
गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में राजेश और शाहजेब के बीच पैसों के लेनदेन की बातचीत साफ सुनी जा सकती है:
- सौदेबाजी: राजेश कहता है, "आज ही पूरा (पेमेंट) कर देते तो अच्छा होता।" जिब्बी चेक क्लीयर न होने का बहाना बनाता है।
- नोटों की गिनती: वीडियो में राजेश अखबार में लिपटी 50 हजार की गड्डी गिनते हुए कहता है, "कुल डेढ़ लाख हो गए।"
- दबाव: एक अन्य वीडियो में राजेश स्कूटी की डिक्की से पैसे लेते हुए कहता है, "आज तुमने माहौल बना दिया, तुम्हारे लिए यह रकम कुछ भी नहीं है।"
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
राजेश तिवारी का विवादों से पुराना नाता है। रेलवे में नौकरी के दौरान उन पर रेप (बलात्कार) का आरोप लगा था, जिसके बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। इसके अलावा उन पर हत्या की कोशिश का मामला भी दर्ज है।
मछली गैंग और तिरंगा विवाद
अगस्त 2025 में जब प्रशासन ने 'मछली गैंग' के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की थी, तब राजेश तिवारी तिरंगा लहराकर चर्चा में आए थे। हालांकि, पुलिस जांच में उनके द्वारा लगाए गए अपहरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई थी।
सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल
आरोपी खुद को इन्फ्लुएंसर बताकर रसूखदार लोगों के खिलाफ वीडियो बनाता था और फिर समझौता करने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। पुलिस जांच में यह बात सामने आ रही है कि आरोपी के इन अभियानों का मकसद समाज सेवा नहीं, बल्कि रसूखदार लोगों को डराकर उनसे अवैध वसूली (Extortion) करना था। निशातपुरा पुलिस ने शाहजेब खान की शिकायत पर राजेश तिवारी के खिलाफ IPC की धारा 384 (रंगदारी) सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल की फोरेंसिक जांच के बाद इस गिरोह के कई और बड़े राज खुल सकते हैं।
ex railway employee rajesh tiwari arrest, Bhopal Police, Rajesh Tiwari Arrest, Bhopal Blackmailing Case, Nishatpura Police, MD Drug, Bhopal Crime News, Bhopal News, Bhopal MD Drug, Bhopal video viral
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us