/bansal-news/media/media_files/2026/02/18/bhopal-mp-nagar-doctor-rape-case-gwalior-accused-dr-amreesh-sengar-hindi-news-zvj-2026-02-18-16-23-17.jpg)
सांकेतिक फोटो।
Bhopal Doctor Rape Case: राजधानी भोपाल के एमपी नगर में डॉक्टर और मरीज के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्वालियर की एक 30 वर्षीय महिला के साथ उसके ही डॉक्टर ने होटल के कमरे में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी डॉक्टर ने पीड़िता को बेहतर इलाज और कुछ विशेष टेस्ट कराने का झांसा देकर भोपाल बुलाया था। घटना के तीन दिन बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने पति के साथ एमपी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एमपी नगर पुलिस ने आरोपी डॉ. अमरीश सेंगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इलाज के नाम पर हैवानियत
जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय पीड़िता मूल रूप से ग्वालियर की निवासी है, जो पिछले 7 महीनों से ग्वालियर के ही डॉ. अमरीश सेंगर से अपना चर्म रोग (Skin Disease) का उपचार करा रही थी। जब काफी समय बाद भी बीमारी ठीक होने के बजाय और अधिक फैलने लगी, तो आरोपी डॉक्टर ने एक सोची-समझी साजिश रची। उसने महिला को झांसा दिया कि उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल के विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेना होगा और कुछ ऐसे विशेष 'एडवांस टेस्ट' करवाने होंगे, जिनकी सुविधा ग्वालियर में उपलब्ध नहीं है।
महिला को होटल ले गया, अस्पताल नहीं
डॉक्टर के इस भरोसे में आकर महिला 14 फरवरी को उसके साथ भोपाल पहुँची, जहाँ आरोपी उसे किसी अस्पताल ले जाने के बजाय एमपी नगर जोन-2 स्थित एक होटल के कमरे में ले गया।
डॉक्टर की मंशा पर महिला को संदेह होने लगा। घबराई हुई महिला ने तुरंत ग्वालियर में अपने पति को फोन कर जानकारी दी कि 'डॉक्टर उसे अस्पताल ले जाने के बजाय एमपी नगर के एक होटल में ले आए हैं और उनकी नीयत ठीक नहीं लग रही है।' पत्नी की बात सुनकर पति उसी समय ग्वालियर से भोपाल के लिए रवाना हो गया। इधर, रात ढलने पर जब महिला ने अलग कमरा लेने की बात कही, तो आरोपी डॉ. अमरीश ने बहाना बनाया कि 'होटल में कोई दूसरा कमरा खाली नहीं है।' इसके बाद रात के खाने के दौरान आरोपी ने दवा देने के बहाने महिला को नशीला पदार्थ पिला दिया।
बेसुध होने पर किया दुष्कर्म
जैसे ही महिला बेसुध हुई, डॉ. अमरीश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह जब पति भोपाल पहुँचा, तो बदनामी के डर से उस समय परिवार ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। लेकिन ग्वालियर लौटने के बाद जब आरोपी डॉक्टर ने इलाज के बहाने फिर से संपर्क करने की कोशिश की, तो महिला का सब्र टूट गया। उसने पति के साथ वापस भोपाल आकर पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस की कार्रवाई
एमपी नगर पुलिस ने आरोपी डॉ. अमरीश सेंगर के खिलाफ दुष्कर्म (धारा 376) और नशीला पदार्थ देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में ग्वालियर और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Bhopal News, MP Nagar Rape Case, Gwalior Doctor Rape, Dr Amreesh Sengar, Crime in Bhopal, MP Police, Bhopal Doctor Rape Case
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us