/bansal-news/media/media_files/2026/01/24/bhopal-gomans-khand-update-2026-01-24-11-06-56.jpg)
Bhopal Gomans Khand Update: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गोमांस मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नगर निगम के 8 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और 3 कर्मियों को नोटिस थमाए गए हैं। वहीं जांच कमेटी ने स्लॉटर हाउस की फाइलें जब्त की हैं। इन फाइलों पिछले 10 साल का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। नगर निगम के प्रभारी सहायक यंत्री सौरभ सूद से पूछताछ की जा रही है।
यहां बता दें, पुलिस हेडक्वार्टर (PHQ) के सामने 17 दिसंबर की रात 26 टन गोमांस पकड़ा गया था। अब उसकी परतें खुलनी शुरू हो गई हैं।
आरोपियों से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। बताते हैं गोमांस अरब देशों में सप्लाई किया जाता था, जबकि हड्डियां चीन भेजी जाती थीं।
मुख्य आरोपी असलम से 16 घंटे पूछताछ
गोमांस मामले में स्लॉटर हाउस का संचालक असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा, मुख्य आरोपी है। उससे 22-23 जनवरी को दो अलग-अलग अफसरों ने करीब 16 घंटे तक पूछताछ की। बताते हैं वह पुलिस को गुमराह कर रहा है और बरामद मांस को अपना मानने से मना कर रहा है।
मामला आगरा की एग्रो कंपनी से जुड़ा
असलम ने पुलिस को बताया कि माल की सिर्फ पैकिंग स्लॉटर हाउस में हुई थी, लेकिन माल आगरा की एक प्रतिष्ठित एग्रो फूड कंपनी का था। पुलिस ने असलम से उसके बिजनेस पार्टनर्स और करीबी लोगों की जानकारी हासिल की है। मामले में स्लॉटरिंग से पहले जानवरों का चेकअप करने वाले डॉक्टर बेनी प्रसाद गौर की भूमिका को लेकर भी जानकारियां जुटाई गई हैं।
ड्राइवर को मिलते थे ट्रिप के 10-15 हजार
पुलिस को ट्रक ड्राइवर शोएब से भी अहम सबूत हाथ लगे हैं। शोएब ने माना है कि उसे प्रति ट्रिप 10 से 15 हजार रुपए मिलते थे। हालांकि, शोएब का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि कंटेनर में गोमांस भरा है।
अरब देशों में फैला है कारोबार
पुलिस के अनुसार,असलम का कारोबार अरब देशों तक फैला हुआ है। चीन से भी असलम के कारोबारी रिश्ते होने की जानकारी मिली है। पूछताछ के दौरान असलम ने बताया कि उसका माल शिपिंग कंटेनरों के जरिए मुंबई भेजा जाता था और वहां से गल्फ देशों में सप्लाई होता था। इधर, बिहार, बेंगलुरु, हैदराबाद और महाराष्ट्र में भी असलम का कारोबार फैला हुआ है। इस बात का खुद असलम ने स्वीकारा है।
दोनों आरोपी 25 तक रिमांड पर
पुलिस ने असलम चमड़ा और उसके ड्राइवर शोएब को प्रोडक्शन वारंट पर 25 जनवरी तक रिमांड पर लिया गया है। एसीपी उमेश तिवारी के मुताबिक, मामले के संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/01/24/bhopal-gomans-khand-update-2-2026-01-24-12-32-11.jpg)
नगर निगम की अनियमितताएं सामने आईं
जिंसी स्थित नगर निगम के स्लॉटर हाउस में गायों का वध किए जाने और गोमांस मुंबई सप्लाई करने के मामले में भोपाल नगर निगम की भूमिका सामने आई है। नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी का वह पत्र भी सामने आ चुका है, जिसके आधार पर मांस को स्लॉटर हाउस से बाहर ले जाने की अनुमति दी गई थी।
स्लॉटर हाउस शुरू करने से संबंधित अनुमति MIC ने दी थी। बताते हैं यह प्रस्ताव परिषद में भी नहीं लाया गया था। इसके चलते वेटनरी डॉक्टर बेनी प्रसाद गौर को आयुक्त संजीव सिंह ने सस्पेंड कर दिया था।
स्लॉटर हाउस के ये कर्मचारी सस्पेंड
स्लॉटर हाउस में तैनात वसीम खान, सलीम खान, राजा खान, शेख यूसुफ, वहीद खान, मोहम्मद फैयाज खान, ईसा मोहम्मद और अब्दुल रहमान को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, युसूफ खान, अब्दुल हकीम और मोहम्मद रफीक को नोटिस थमाए गए हैं।
नगर निगम ऑफिस से फाइलें जब्त
पुलिस ने शुक्रवार, 23 जनवरी को नगर निगम के स्लॉटर हाउस से जुड़ी फाइलें और दस्तावेज जब्त किए। इनमें वर्ष 2014-15 से अब तक के टेंडर, अनुमति पत्र और अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं। प्रभारी सहायक यंत्री सौरभ सूद समेत दो कर्मचारियों को लगातार दो दिन से जहांगीराबाद थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है।
मंत्री सारंग बोले- दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाएगा
पूरे मामले पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, गोमांस या गोकशी के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इनमें चाहे व्यापारी हो या अधिकारी, दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार चाहती है कि ऐसी कार्रवाई की जाए, जो भविष्य के लिए नजीर बने।
साथ ही उन्होंने कहा, गोमाता की कटाई सिद्ध होती है तो इसे हत्या जैसा गंभीर अपराध माना जाएगा। दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कठोरतम दंड दिया जाएगा।
भोपाल गोमांस मामला: टाइमलाइन
मप्र की राजधानी भोपाल में संचालित स्लॉटर हाउस में लम्बे समय से गोमांस का कारोबार चल रहा था। इसे Livestock फूड प्रोसेसिंग प्रालि. के नाम से चलाया जा रहा था। इस अवैध कारोबार को लेकर अब तक क्या-क्या हुआ।
17 दिसंबर 2025, रात 12 बजे
पुलिस मुख्यालय (PHQ) के सामने एक ट्रक को रोका गया।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने तोड़-फोड़ और हंगामा किया।
मौके पर पहुंची पुलिस और अफसरों ने जांच का आश्वासन दिया।
गोमांस के दावे के चलते ट्रक को जब्त कर लिया गया।
सैंपल राज्य पशु चिकित्सालय जहांगीराबाद भेजे गए।
18 दिसंबर 2025
- 26 टन मांस की सैंपलिंग कर जांच के लिए मथुरा की लैब में भेजा गया।
12 जनवरी 2026
लैब की रिपोर्ट सार्वजनिक हो गई, जिसमें गोमांस की पुष्टि हुई।
स्लाटर हाउस संचालक असलम चमड़ा और ड्राइवर शोएब गिरफ्तार किए गए।
हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
19 जनवरी 2026
- SIT गठित की गई। ACP उमेश तिवारी सहित 2 टीआई को जांच सौंपी गई।
21 जनवरी 2026
- महापौर मालती राय के इस्तीफे का मांग की। हिंदू संगठनों ने हंगामा किया।
22 जनवरी 2026
- SIT ने असलम चमड़ा और ड्राइवर शोएब को 25 जनवरी तक रिमांड पर लिया।
23 जनवरी 2026
- भोपाल नगर निगम के 8 कर्मचारियों को सस्पेंड और 3 कर्मियों को नोटिस।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us