/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/09/comp-21-e_1725268770.webp)
Leopard In Khandwa: खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में सोमवार सुबह एक घायल तेंदुआ मिला था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। तेंदुआ धाबड़िया गांव के पास खेत में मिला था और पिछले चार दिनों से इलाके में उसकी गतिविधियां देखी जा रही थीं। तेंदुए का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह ठीक से चलने में असमर्थ दिख रहा है। ऐसे में लोग जानवर बन बैठे और बीमार तेंदुए को परेशान करते रहे। तेंदुए को परेशान करने से उसकी तबीयत और बिगड़ गई जिससे इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
वीडियो में परेशान करते नजर आए लोग
तेंदुए का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बुरी तरह से घायल दिखाई दे रहा है और ठीक से चलने में असमर्थ है। वीडियो में कुछ लोगों को तेंदुए को परेशान करते हुए भी देखा जा सकता है, जो उसकी पूंछ पकड़ रहे हैं और बार-बार उसके पास आते हैं, फिर हाथ लगाकर दूर भागते हैं।
किसान को खेत में बैठा दिखा तेंदुआ
/bansal-news/media/post_attachments/file/ezgif-5-9c5d609386.gif)
खंडवा में एक किसान को तेंदुआ उसके खेत में बैठा नजर आया था। जिसके बाद उसने डायल 100 पर फोनकर इसकी सूचना दी थी। किसान की सूचना पर दोपहर में मांधाता पुलिस पहुंची और पुलिस ने वन विभाग को बुलाया। इधर वन विभाग के आने तक लोग तेंदुए को परेशान करते रहे। तेंदुआ पहले से घायल था। जिसके चलते उसकी हालत और बिगड़ गई। वन विभाग के डिप्टी रेंजर और कर्मचारी भी पहुंचे और तेंदुए को इलाज के लिए इंदौर ले जा रहे थे रास्ते में ही तेंदुए की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चलेगा मौत का कारण
घटना को लेकर ओंकारेश्वर के रेंजर रवि सेठ ने बताया कि तेंदुआ की ऐसी स्थिति थी कि उसे ट्रैंकुलाइज करने की जरूरत नहीं पड़ी। टीम ने तेंदुए को सामान्य तरीके से रेस्क्यू कर पिंजरे में रख दिया था। तेंदुए को इलाज के लिए इंदौर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। तेंदुए पर किसी ने हमला नहीं किया इसके कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगा।
पिछले साल देवास में भी तेंदुए के साथ लोगों ने किया था पशु व्यवहार
1 साल पहले भी एक बीमार तेंदुए को परेशान करने का वीडियो सामने आया था। उस समय भी लोगों ने तेंदुए को परेशान किया था। एक साल पहले भी देवास जिले से ऐसा ही वीडियो सामने आया था। जहां लोग एक बीमार से दिख रहे तेंदुए को परेशान करते नजर आए थे। लोगों ने तेंदुए के साथ किसी पालतू जानवर जैसा बर्ताव किया और उसके साथ खेलते नजर आए थे। कुछ लोग उसे आगे की ओर धकेल रहे थे, तो कुछ उसके साथ सेल्फी ले रहे थे।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us