उज्जैन। ठीक एक साल पहले आज ही के दिन मप्र की सियासी हवा बिगड़ गई थी। आज ही के दिन कांग्रेस सरकार अल्पमत के कारण गिर गई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ को पद से इस्तीफा देना पड़ा था। वहीं शिवराज सिंह ने एक बार फिर सीएम का पद संभाला था। दरअसल गत विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने वाली पार्टी कांग्रेस के 28 विधायक कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा के ध्वज तले शामिल हो गए थे। आज इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसी क्रम में उज्जैन में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा में कार्यकर्ता धारा 144 का उल्लंघन करते नजर आए। साथ ही इस यात्रा में शामिल कई कार्यकर्ता तो बिना मास्क के ही सड़कों पर उतर आए।
मुख्य मार्गों से होते हुए टावर चौक पहुंची यात्रा…
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तिरंगा यात्रा में काफी भीड़ एकत्रित रही। कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्य मार्गों से होकर टावर चौक पहुंचे। यहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर फूलों का हार चढ़ाया और श्रद्धांजलि दी। बता दें कि शहर में कोरोना को देखते हुए धारा 144 लगाने के बाद भी कार्यकर्ताओं ने कोरोना नियमों का उल्लंघन करते हुए रैली निकाली है। इस रैली में खास बात यह रही कि ज्यादातर कार्यकर्ता बिना मास्क के नजर आए। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग जैसे किसी नियम का सख्ती से पालन नहीं किया गया। तराना से कांग्रेस विधायक महेश पवार से जब मास्क न पहनने को लेकर सवाल किए तो उन्होंने यह ठीकरा गृह मंत्री नरोत्तम के पुराने बयान पर फोड़ दिया।