अनिश्चितकालीन हड़ताल पर 13 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी, ये है मांग

रायपुर: प्रदेश में कोरोना प्रकोप के बीच नियमितीकरण की मांग पूरी नहीं होने पर छत्तीसगढ़ के 13 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी आज से हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों का कहना है कि, इस बुरे दौर में भी वह अपनी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही। जिससे मजबूर होकर उन्होंने हड़ताल पर बैठने का फैसला किया है। इनमें डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारियों के काम बंद करने से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर इसका असर पड़ रहा है। हालांकि संविदा कर्मचारियों को काम पर लौटने के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अपील भी की लेकिन वह अपील भी किसी काम नहीं आई है।
इन शहरों में भी हड़ताल पर संविदा कर्मचारी
आज राजनांदगांव, रायगढ़, जशपुर, बालोद समेत कई जिलों में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कोरोना में ड्यूटी के दौरान संक्रमण से मारे गए अपने सहयोगियों के लिए कर्मचारियों ने मोमबत्ती भी जलाई।
प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ का कहना है कि, पिछले 15 वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने में लगे हैं। इसके बावजूद हमारा नियमितीकरण नहीं किया गया। वर्तमान सरकार ने भी अपने घोषणा-पत्र में नियमितीकरण को शामिल किया था, लेकिन आज इसपर कोई विचार तक नहीं किया जा रहा। उन्होंने आगे बताया कि, अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर 13 हजार स्वास्थ्य संविदा कर्मचारियों के नियमितिकरण के लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं।
0 Comments