Advertisment

अंबिकापुर से दिल्ली के लिए शुरू होगी हवाई सेवा: सप्ताह में दो दिन एलायंस एयर की फ्लाइट भरेगी उड़ान, शेड्यूल जारी, इतना होगा किराया

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा मार्च 2026 के अंतिम सप्ताह से शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को उड़ान संचालित करेगी।

author-image
Harsh Verma
Ambikapur to Delhi Flight

Ambikapur to Delhi Flight: सरगुजा संभाग के लोगों के लिए हवाई यात्रा को लेकर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट (Maa Mahamaya Airport Ambikapur) से दिल्ली के लिए हवाई सेवा मार्च के अंतिम सप्ताह से शुरू होने जा रही है। इस सेवा का संचालन एलायंस एयर (Alliance Air) द्वारा किया जाएगा।

Advertisment

जानकारी के अनुसार यह उड़ान सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को संचालित की जाएगी। यह फ्लाइट अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी, जिससे यात्रियों को राजधानी तक पहुंचने के लिए अब लंबी सड़क या रेल यात्रा की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ATR विमान से होगी उड़ान

एलायंस एयर इस रूट पर 72 सीटर एटीआर (ATR 72 Aircraft) विमान का संचालन करेगी। इससे पहले करीब दो वर्ष पूर्व कंपनी के अधिकारियों ने अंबिकापुर और बिलासपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण कर यहां की सुविधाओं का जायजा लिया था।

वर्तमान में एलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में तीन दिन उड़ान सेवा दे रही है। अब इस नई सेवा के शुरू होने से सरगुजा क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

Advertisment

4500 से 6000 रुपए तक हो सकता है किराया

सूत्रों के मुताबिक इस उड़ान का बेस फेयर 4500 से 6000 रुपए के बीच रहने का अनुमान है। बिलासपुर से दिल्ली मार्ग पर पहले से संचालित उड़ानों का किराया भी सामान्यतः 4000 रुपए से अधिक रहता है।

पहले भी शुरू हुई थी हवाई सेवा

गौरतलब है कि अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से दिसंबर 2024 में हवाई सेवा की शुरुआत की गई थी। उड़ान 4.2 योजना (UDAN 4.2 Scheme) के तहत फ्लाई बिग (FlyBig Airlines) कंपनी ने रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी।

हालांकि शुरुआती दिनों में अनियमित उड़ानों के कारण यह सेवा केवल छह महीने तक ही संचालित हो सकी और पिछले छह महीनों से इसका संचालन बंद था।

Advertisment

इंडिगो से भी चल रही चर्चा

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज (Chintamani Maharaj) ने इस नई हवाई सेवा का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) के साथ भी चर्चा की गई है। रायपुर से अंबिकापुर होते हुए प्रयागराज तक उड़ान सेवा शुरू करने के प्रयास जारी हैं।

सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में भी इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया था।

देश की प्रमुख क्षेत्रीय एयरलाइन है एलायंस एयर

एलायंस एयर पहले एयर इंडिया (Air India) के स्वामित्व में कार्यरत थी। एयर इंडिया के विनिवेश के बाद यह भारत सरकार की स्वतंत्र व्यावसायिक इकाई के रूप में काम कर रही है।

Advertisment

वर्तमान में एलायंस एयर देशभर में प्रतिदिन 137 घरेलू उड़ानों का संचालन करती है और 57 शहरों को जोड़ती है। कंपनी रायपुर से हैदराबाद और जगदलपुर के लिए भी हवाई सेवा प्रदान कर रही है।

Advertisment
चैनल से जुड़ें