/bansal-news/media/media_files/2026/02/01/gariaband-violence-2026-02-01-21-06-37.jpg)
Gariaband Violence: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बड़ी और संवेदनशील घटना सामने आई है। राजिम से सटे दुधकैयां गांव में रविवार को दो संप्रदायों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। शुरुआती विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिससे पूरे गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब एक संप्रदाय से जुड़े कुछ आपराधिक तत्वों ने दूसरे संप्रदाय के लोगों के साथ मारपीट की। इस घटना में कई लोगों को चोटें आने की बात सामने आई है। जैसे ही मारपीट की खबर दूसरे गुट तक पहुंची, आक्रोश फैल गया और हालात तेजी से बिगड़ने लगे।
घरों और वाहनों को बनाया गया निशाना
गुस्साए लोगों ने कथित तौर पर मारपीट करने वालों के घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कई घरों में आग लगा दी गई। सड़क पर खड़ी गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया। आगजनी की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई। कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भारी पुलिस बल की तैनाती
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। फिंगेश्वर और आसपास के कई थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल दुधकैयां गांव भेजा गया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सख्त निगरानी के साथ अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
आग बुझाने और घायलों के इलाज की व्यवस्था
आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। वहीं, मारपीट और हिंसा में घायल लोगों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कई लोगों का इलाज जारी है, हालांकि किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गांव में कर्फ्यू जैसे हालात
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में कर्फ्यू जैसे हालात बनाए गए हैं। पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने साफ कहा है कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच जारी, शांति बहाली की कोशिश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गांव और आसपास के इलाकों में शांति समिति के सदस्यों से संपर्क कर आपसी सौहार्द बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us