Advertisment

छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक: न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट के संकेत, इस दिन बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ में जनवरी के अंतिम दिनों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

author-image
Harsh Verma
chhattisgarh-weather-update-2026-01-22-22-00-05

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। कभी हल्की ठंड, तो कभी दिन में बढ़ती गर्मी लोगों को हैरान कर रही है। अब एक बार फिर प्रदेश में ठंड बढ़ने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे खासकर सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा।

Advertisment

उत्तरी छत्तीसगढ़ में कोहरे का असर

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सुबह के समय सड़क पर चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। ठंडी हवाओं और कोहरे की वजह से उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ज्यादा महसूस की जा सकती है।

पश्चिमी जेट स्ट्रीम का दिख रहा असर

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इस समय उत्तर-पूर्वी भारत में पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जिसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसी वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही 2 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर आगे चलकर प्रदेश के मौसम में बदलाव के रूप में दिखेगा।

फिलहाल मौसम रहेगा शुष्क

आने वाले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। हालांकि कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है। बारिश के फिलहाल कोई आसार नहीं हैं, लेकिन ठंड और गर्मी के इस मिश्रित असर से लोग सुबह-शाम ठिठुरन और दोपहर में हल्की गर्मी महसूस कर सकते हैं।

Advertisment

3 और 4 फरवरी को बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 और 4 फरवरी को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में फिर बदलाव आएगा और ठंड का असर कुछ हद तक कम हो सकता है। किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद भी हो सकती है, लेकिन खुले में काम करने वालों को सतर्क रहना होगा।

30 जनवरी को कैसा रहा तापमान

30 जनवरी को प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मुंगेली में 31.1 डिग्री, राजनांदगांव में 31 डिग्री, दुर्ग के ही एक अन्य स्थान पर 30.8 डिग्री और रायपुर में 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। दिन के समय धूप तेज होने से गर्मी का असर साफ महसूस हुआ, जबकि सुबह और रात में ठंड बनी रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क है, लेकिन फरवरी की शुरुआत में तापमान और मौसम दोनों में बदलाव देखने को मिलेगा।

Advertisment
chhattisgarh weather update
Advertisment
चैनल से जुड़ें