Advertisment

छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव 2026: भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम ने भरा नामांकन, 16 मार्च को मतदान और उसी दिन नतीजे

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी से लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस से फूलो देवी नेताम ने नामांकन दाखिल कर दिया है।

author-image
Harsh Verma
1000650036

Chhattisgarh Rajya Sabha Election: छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है। भाजपा की ओर से लक्ष्मी वर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया है, जबकि कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन दाखिल करने के बाद दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी प्राथमिकताओं को भी सामने रखा।

Advertisment

भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि यदि उन्हें राज्यसभा में जाने का अवसर मिलता है तो वे महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।

कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम पर फिर जताया भरोसा

Untitled-design-2026-03-05T131355.466_11zo

कांग्रेस ने इस बार भी फूलो देवी नेताम को राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। फूलो देवी नेताम वर्तमान में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। उनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने वाला है, लेकिन पार्टी हाईकमान ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए फिर से टिकट दिया है।

नामांकन दाखिल करने के बाद फूलो देवी नेताम ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें फिर से मौका दिया है और वे संगठन तथा प्रदेश के मुद्दों को मजबूती से संसद में उठाने का प्रयास करेंगी।

Advertisment

कई बड़े नेताओं के नाम भी थे चर्चा में

राज्यसभा उम्मीदवार के चयन से पहले कांग्रेस के भीतर कई नामों पर मंथन किया गया था। संभावित उम्मीदवारों में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री टीएस सिंह देव के नाम भी चर्चा में थे। हालांकि इन सभी चर्चाओं के बीच पार्टी नेतृत्व ने आखिरकार फूलो देवी नेताम के नाम पर सहमति जताई।

भाजपा ने सामाजिक समीकरण के आधार पर चुना उम्मीदवार

5276946-untitled-32-copy

भारतीय जनता पार्टी ने भी राज्यसभा उम्मीदवार के चयन को लेकर मंथन किया था। पार्टी हाईकमान ने सात नामों के पैनल में से तीन नामों को अंतिम रूप दिया था। इनमें लक्ष्मी वर्मा, नारायण चंदेल और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी का नाम शामिल था।

अंततः पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया। भाजपा सूत्रों के अनुसार संगठन, सामाजिक संतुलन और मातृशक्ति को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति के तहत यह फैसला लिया गया। लक्ष्मी वर्मा पिछले करीब 30 वर्षों से सक्रिय राजनीति में काम कर रही हैं।

Advertisment

चुनाव की पूरी प्रक्रिया और समय-सारणी

राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के तहत 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।

यदि चुनाव की नौबत आती है तो 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना भी शुरू होगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार 20 मार्च तक चुनाव की पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

छत्तीसगढ़ से वर्तमान राज्यसभा सदस्य

छत्तीसगढ़ से इस समय राज्यसभा में कुल पांच सदस्य प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें से दो सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त होने जा रहा है। इन सांसदों में फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी शामिल हैं, जो कांग्रेस से जुड़े हुए हैं।

Advertisment

इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित है।

Advertisment
चैनल से जुड़ें