Advertisment

रायपुर में 6 मुन्ना भाई गिरफ्तार: GATE परीक्षा में फर्जी उम्मीदवार बनकर आए थे पेपर देने, हरियाणा से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

रायपुर में GATE (Graduate Aptitude Test in Engineering) परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर पेपर देने आए 6 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा से आए थे और असली उम्मीदवारों की जगह परीक्षा देने की तैयारी में थे।

author-image
Harsh Verma
Raipur GATE Exam Munna Bhai

Raipur GATE Exam Munna Bhai: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur) में GATE (Graduate Aptitude Test in Engineering) परीक्षा में फर्जी उम्मीदवार बनकर शामिल होने की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने ऐसे 6 युवकों को गिरफ्तार किया है, जो असली अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने की तैयारी में थे। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी हरियाणा (Haryana) से रायपुर पहुंचे थे। वे परीक्षा में बैठने वाले छात्रों की जगह पेपर हल करने वाले थे।

Advertisment

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल (Sandeep Patel) को मुखबिर से सूचना मिली कि दूसरे राज्यों से कुछ युवक रायपुर पहुंचे हैं और वे परीक्षा में गड़बड़ी की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही एसीसीयू (ACCU) और डीडी नगर थाना (DD Nagar Police Station) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने डीडी नगर इलाके में छापेमारी कर सभी 6 आरोपियों को पकड़ लिया। शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ में साजिश का खुलासा हो गया।

फर्जी दस्तावेज और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की है। प्राथमिक जांच में आशंका है कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो पैसों के बदले परीक्षा में बैठने का काम करता है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को रायपुर किसने बुलाया और किस उम्मीदवार की जगह ये परीक्षा देने वाले थे।

Advertisment

आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा

डीडी नगर पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि ये युवक पहले भी अन्य राज्यों में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हों।

पुलिस इनके नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और संभावित ठगी की योजना का भी पता लगा रही है। पूरे मामले का खुलासा जल्द वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

प्रदेश में परीक्षा में फर्जी उम्मीदवार बनकर बैठने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। 8 मार्च 2025 को बीआईटी दुर्ग (BIT Durg) में, 29 नवंबर 2022 को नेशनल ओपन स्कूल परीक्षा (National Open School Exam) में, 6 जून 2022 को कर्मचारी राज्य बीमा निगम परीक्षा (Employees State Insurance Corporation Exam) में और 6 जुलाई 2020 को एसएससी परीक्षा (SSC Exam) के दौरान भी ऐसे “मुन्ना भाई” पकड़े जा चुके हैं।

Advertisment

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परीक्षा की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल

GATE जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सेंध लगाने की कोशिश से यह साफ है कि कुछ गिरोह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने से भी नहीं चूक रहे। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisment
चैनल से जुड़ें