नैला रेलवे फाटक जाम पर बड़ा फैसला: ROB, फुट ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण का रास्ता साफ, 9 घंटे बाद खत्म हुआ चक्का जाम

(रिपोर्ट: राजेश्वर तिवारी, जांजगीर-चांपा) नैला रेलवे फाटक जाम की समस्या पर बड़ा फैसला हुआ। आंदोलन और 9 घंटे के चक्का जाम के बाद रेलवे और जनप्रतिनिधियों में सहमति बनी। ROB, फुट ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण का रास्ता साफ हुआ।

CG Naila Railway Gate ROB Agreement

CG Naila Railway Gate ROB Agreement: जांजगीर-चांपा जिले के नैला रेलवे फाटक पर वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या को लेकर फैसला सामने आया है। लंबे समय से समाधान की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन और चक्का जाम के बाद रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक हुई। बैठक में रेलवे ओवरब्रिज (ROB), फुट ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण सहित कई मांगों पर सहमति बनी, जिसके बाद करीब 9 घंटे तक चला चक्का जाम समाप्त कर दिया गया।

जाम की समस्या से परेशान थे लोग

नैला रेलवे फाटक पर आए दिन लगने वाले जाम से क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान थी। फाटक बंद होने पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं, जिससे आम नागरिकों के साथ साथ मरीजों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती थीं।

इसी समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर जांजगीर विधायक व्यास कश्यप अपने समर्थकों और नगर के व्यापारियों के साथ आंदोलन में उतर आए थे। 6 मार्च को नैला नगर में नगर बंद और मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें व्यापारी संघ, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने समर्थन दिया।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ की अंधी पंचायत: बलात्कार पीड़िता को न्याय की जगह सामाजिक बहिष्कार! पैर धोकर नहलाने और बकरा-शराब देने की शर्त

रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अहम बैठक

आंदोलन के बीच जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन में रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीआरएम जे. एस. मीना, सीनियर डीसीएम सहित रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं जांजगीर विधायक व्यास कश्यप, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, एसडीएम, नगर पालिका के प्रतिनिधि और आंदोलन समिति के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान नैला रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या और रेलवे से जुड़ी अन्य मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

ROB निर्माण पर बनी महत्वपूर्ण सहमति

बैठक के बाद तैयार किए गए सहमति पत्र में नैला रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सहमति पत्र के अनुसार 15 सितंबर 2026 तक ROB निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा नहरिया बाबा के पास फुट ओवरब्रिज निर्माण को लेकर भी सहमति बनी। निर्णय लिया गया कि भू-अर्जन प्रक्रिया पूर्ण होने के 12 महीने के भीतर फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूरा किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को रेलवे लाइन पार करने में सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

चांपा मिशन गेट पर बनेगा अंडरब्रिज

बैठक में चांपा के मिशन गेट समपार पर अंडरब्रिज निर्माण को भी प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। तय किया गया कि यह निर्माण कार्य 18 महीने के भीतर पूरा किया जाएगा अंडरब्रिज बनने से चांपा क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और लोगों को रेलवे फाटक पर लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

ट्रेनों के ठहराव पर भी चर्चा

बैठक में जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर साउथ बिहार एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी चर्चा हुई। रेलवे प्रशासन ने इस संबंध में संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने और आगे की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति जताई।

यह भी पढ़ें: UPSC Result 2025: यूपीएससी में शामली की आस्था जैन का कमाल, तीसरे प्रयास में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 9, कहा- IAS बनने का था सपना

हर महीने होगी प्रगति की समीक्षा

बैठक में यह भी तय किया गया कि इन सभी कार्यों की प्रगति की जिला मुख्यालय में प्रतिमाह समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा हो सके।सहमति पत्र पर जांजगीर विधायक व्यास कश्यप, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, रेलवे अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ की अंधी पंचायत: बलात्कार पीड़िता को न्याय की जगह सामाजिक बहिष्कार! पैर धोकर नहलाने और बकरा-शराब देने की शर्त

9 घंटे बाद खत्म हुआ चक्का जाम

बैठक के बाद आंदोलनकारियों को सहमति पत्र की जानकारी दी गई। इसके बाद करीब 9 घंटे तक चले आंदोलन के बाद दोपहर लगभग 3 बजे चक्का जाम समाप्त कर दिया गया और यातायात फिर से सुचारू हो गया।

नैला रेलवे फाटक की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि सहमति पत्र में तय किए गए कार्य जल्द ही धरातल पर दिखाई देंगे और उन्हें जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें: UPSC 2025 Result: सिविल सर्विस एग्जाम 2025 में भोपाल के ईशान भटनागर को 5वीं रैंक, धार के पक्षल सेक्रेटरी 8वें नंबर पर रहे





यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article