मुंगेली में ब्राउन शुगर तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: भाजपा पार्षद समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का नशा और सामान जब्त

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा पार्षद सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 3.81 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया।

1000645883

Mungeli Brown Sugar Case: मुंगेली जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक भाजपा पार्षद का नाम सामने आने से मामला और भी चर्चाओं में आ गया है। गिरफ्तार आरोपी लोकेश उर्फ लक्की कश्यप नगर पंचायत जरहागांव का पार्षद बताया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत थाना जरहागांव क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर शमशान घाट के पास दबिश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार 1 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरहागांव के कुछ युवक शमशान घाट के पास अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना जरहागांव की संयुक्त टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी की गई।

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद पांच संदिग्धों को पकड़कर विधिवत तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से अलग-अलग पारदर्शी जिपर पॉलिथीन में रखी कुल 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 65 हजार रुपए बताई गई है।

मोबाइल, बाइक और तौल मशीन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, एक होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 28 P 1199) और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 81 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस का मानना है कि आरोपी संगठित तरीके से नशे की बिक्री कर रहे थे और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन का उपयोग ब्राउन शुगर की मात्रा तय करने के लिए किया जाता था।

नैनी प्रयागराज से लाकर करते थे सप्लाई

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने पुलिस को बताया कि वह उत्तर प्रदेश के नैनी प्रयागराज से नगद और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर जिले में इसकी सप्लाई और बिक्री की जाती थी।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है और संभावना जताई जा रही है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजे गए

थाना जरहागांव में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर कश्यप (24 वर्ष), सियाराम कश्यप (25 वर्ष), विरेन्द्र श्रीवास (34 वर्ष), लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35 वर्ष) और रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि मुंगेली जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: रायपुर के मुख्यमंत्री डीएवी पब्लिक स्कूल में आरटीई बच्चों से कराई मजदूरी: सीमेंट-रेत ढुलवाने और पुताई कराने का आरोप, जांच समिति गठित

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article