/bansal-news/media/media_files/2026/02/28/1000644494-2026-02-28-23-57-21.png)
Bilaspur Girl Suspicious Death: बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र अंतर्गत मल्हार में रहने वाली एक युवती की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की लाश उसके प्रेमी के घर के कमरे में रोशनदान से फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जिसके बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान मल्हार निवासी मल्लिका कुर्रे के रूप में हुई है, जो पढ़ाई पूरी करने के बाद घर पर ही रहती थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मेला देखने निकली थी, फिर नहीं लौटी घर
जानकारी के अनुसार मल्लिका मंगलवार को मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। कुछ समय बाद धनगंवा गांव निवासी उसके प्रेमी राजू लहरिया ने युवती के परिजनों को फोन कर बताया कि मल्लिका उसके घर पहुंच गई है और वे आकर उसे ले जाएं। हालांकि परिजनों ने यह कहते हुए मना कर दिया कि युवती अपनी मर्जी से गई है।
इसके बाद मल्लिका प्रेमी के घर पर ही रहने लगी। शुक्रवार सुबह घर के एक कमरे में उसकी लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की जानकारी राजू और उसके परिजनों ने आसपास के लोगों तथा कोटवार को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन धनगंवा पहुंचे और प्रेमी तथा उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और चौकी के सामने धरने पर बैठ गए। देर रात तक शव वाहन में ही रखा रहा।
परिजनों का आरोप है कि शादी से इनकार किए जाने के कारण युवती की हत्या की गई। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी की।
तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध
मृतका के जीजा के अनुसार मल्लिका और राजू के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। युवती राजू के साथ रहने की जिद कर रही थी, जबकि युवक और उसका परिवार विवाह के लिए तैयार नहीं था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को युवक के परिवार ने इस संबंध में पुलिस को सूचना भी दी थी।
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए परिजनों की सहमति से विवाह करने की सलाह दी थी, लेकिन युवती अपने फैसले पर अड़ी रही।
पुलिस ने दर्ज किया आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला
मामले में शुरुआती जांच और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रेमी राजू लहरिया के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटा रही है, ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us