/bansal-news/media/post_attachments/PRD_BansalNews/Umaria-Nala-Accident-Brother-and-sister-died-due-to-drowning-in-drain-hindi-news-zvj.webp)
Sukma Sabari River Accident: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में होली का त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। कोंटा ब्लॉक में होली खेलने के बाद नदी में नहाने गए तीन दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। तेज बहाव के कारण तीनों युवक अचानक गहरे पानी में फंस गए और डूबने लगे।
यह घटना कोंटा थाना क्षेत्र के आसीरगुड़ा गांव के पास बहने वाली सबरी नदी में मंगलवार 4 मार्च की दोपहर हुई। बताया जा रहा है कि कोंटा स्थित एसबीआई शाखा के कुछ कर्मचारी होली खेलने के बाद नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान तीन युवक नदी में उतर गए।
तेज बहाव में बिगड़ा संतुलन, डूबने लगे तीनों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। जैसे ही तीनों युवक नहाने के लिए अंदर गए, उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी की ओर खिंचने लगे। कुछ ही क्षणों में तीनों युवक डूबने लगे।
नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने जोखिम उठाते हुए नदी में उतरकर युवकों को बचाने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से चला रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही कोंटा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीसरे युवक की तलाश शुरू कर दी। नदी में काफी देर तक खोजबीन और रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बन गया।
एसबीआई कोंटा शाखा के कैशियर थे साईंनाथ
पुलिस ने मृतक की पहचान एसबीआई कोंटा शाखा में पदस्थ कैशियर साईंनाथ के रूप में की है। उनके निधन की खबर से बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी दुख का माहौल है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us