छत्तीसगढ़ की तरह धान खरीदेगी ओडिशा सरकार: पड़ोसी राज्य के खाद्य मंत्री टीम के साथ आए, मंत्री केदार कश्यप से की मुलाकात
मंगलवार को ओडिशा सरकार के मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा का स्वागत छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री केदार कश्यप ने किया। दोनों मंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं पर चर्चा हुई।
Chhattisgarh News: ओडिशा की सरकार छत्तीसगढ़ की तरह धान खरीदने की योजना लाने जा रही है। ओडिशा में भी धान की खरीद छत्तीसगढ़ के मॉडल के अनुसार की जाएगी। इसे समझने के लिए ओडिशा के खाद्य मंत्री अपनी टीम के साथ छत्तीसगढ़ आए हैं। यह अध्ययन दल छत्तीसगढ़ में चल रही योजनाओं का निरीक्षण करेगा।
मंगलवार को ओडिशा सरकार के मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा का स्वागत छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री केदार कश्यप ने किया। दोनों मंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं पर चर्चा हुई।
मांझी कैबिनेट में लिया गया था फैसला
पात्रा ने बताया कि अब ओडिशा में भी किसानों से समर्थन मूल्य के साथ अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि के साथ धान की खरीदी की जाएगी। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी ने पहले ही कैबिनेट बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया था।
खाद्य मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh News) में सुशासन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जीरो टॉलरेंस नीति भ्रष्टाचार पर काबू पाने में सफल साबित हो रही है, और ओडिशा में भी इसी नीति को लागू किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के सिस्टम को अपनाएंगे: पात्रा
पात्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों पड़ोसी राज्य हैं, और डबल इंजन की सरकार के तहत दोनों राज्य तेजी से विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों ने ओडिशा को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। ओडिशा में धान खरीद व्यवस्था और पीडीएस सिस्टम में जो कमी पाई जाएगी, उसका सुधार छत्तीसगढ़ के सिस्टम को अपनाकर किया जाएगा।
धान खरीद व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा
पात्रा ने कहा कि ओडिशा का अध्ययन दल यहां धान खरीद व्यवस्था लागू करने के लिए आया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप से बैठक की, जहां उन्होंने धान खरीद व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। अध्ययन दल ने कृषि उपज मंडी, अनाज गोदाम और उचित मूल्य की दुकानों का भी गहन अध्ययन किया।
पत्रकारिता में खुद को गढ़ने के लिए छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से निकला हूं। सक्रिय पत्रकारिता के सफर की शुरुआत 2020 से की। बंसल न्यूज डिजिटल से जुड़ने से पहले राज एक्सप्रेस और स्वराज एक्सप्रेस में काम कर चुका हूं। राजनीति और पर्यावरण से संबंधित खबरों में खास रुचि है। लगातार कुछ नया सीखने और करने का प्रयास करता हूं।