/bansal-news/media/post_attachments/PRD_BansalNews/xdIQHhgJ-CG-Weather-Update-2.webp)
CG Weather Update
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बीते तीन दिनों से ठंड लगातार बढ़ रही है। प्रदेश का मौसम शुष्क होने के बावजूद उत्तर भारत से आ रहीं बर्फीली हवाओं ने रात के तापमान में बड़ी गिरावट ला दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक क्रमिक वृद्धि संभव है, हालांकि फिलहाल उत्तर और मध्य क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी।
सरगुजा–बिलासपुर समेत 5 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट
सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई पॉकेट्स में शीतलहर चल रही है। कोरिया, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़, जशपुर और बिलासपुर जिलों के लिए मौसम विभाग ने विशेष कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया है। सुबह और देर शाम बर्फीली हवाओं के कारण बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग अचानक बढ़ गई है।
रायगढ़ में भी सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शहर में लोगों को राहत देने के लिए निगम ने 9 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है, जिनमें मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशन, रामनिवास टॉकीज चौक और केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड शामिल हैं।
अंबिकापुर में सबसे न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.3°C रिकॉर्ड किया गया, जो नवंबर के पिछले 10 वर्षों में सबसे कम है। 1970 में यहां 4.2°C दर्ज हुआ था, जो अब तक का सबसे कम नवंबर तापमान है।
दुर्ग इस समय मैदान क्षेत्रों में सबसे ठंडा है, जहां रात का तापमान 10.8°C रहा। यह सामान्य से लगभग 7 डिग्री कम है। रायपुर में भी मौसम का असर साफ दिखा और नौ साल में नवंबर में दूसरी बार रात का तापमान 13°C तक पहुंच गया।
नवंबर में 10 साल का सबसे ठंडा रिकॉर्ड
| साल | तारीख | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| 2015 | 27 नवंबर | 11.0 |
| 2016 | 19 नवंबर | 9.6 |
| 2017 | 28 नवंबर | 8.8 |
| 2018 | 25 नवंबर | 10.3 |
| 2019 | 23 नवंबर | 12.0 |
| 2020 | 24 नवंबर | 8.6 |
| 2021 | 28 नवंबर | 10.0 |
| 2022 | 27 नवंबर | 9.0 |
| 2023 | 26 नवंबर | 9.8 |
| 2024 | 29 नवंबर | 7.2 |
प्रदेश में मौसम शुष्क, लेकिन ठंड जारी
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। कल भी पूरा प्रदेश शुष्क मौसम का अनुभव करेगा। रायपुर शहर के लिए 20 नवंबर को आकाश साफ रहने का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान लगभग 29°C और न्यूनतम 14°C रह सकता है।
रायगढ़ के ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों में ठंड चरम पर
लैलूंगा, छाल, कापू और धरमजयगढ़ जैसे क्षेत्रों में ठंड शहर से कहीं ज्यादा है। शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने लगे हैं और अलाव तथा गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। कई स्थानों पर ग्रामीण स्तर पर भी लोग लकड़ी जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।


/bansal-news/media/agency_attachments/2025/10/15/2025-10-15t102639676z-logo-bansal-640x480-sunil-shukla-2025-10-15-15-56-39.png)
Follow Us
चैनल से जुड़ें