कोच्चि। 827 kg Big Cake केरल के एक गिरजाघर ने सेंट एंटनी के 827वें जन्मदिन पर 827 किलोग्राम का केक बनवाया। उत्तरी परवूर में सेंट एंटनी को समर्पित एक गिरजाघर ने 827 किलोग्राम वजन का एक विशाल केक बनवाया, जो 110 फुट लंबा और छह फुट चौड़ा है।
पहले भी काटा गया केक
श्रद्धालुओं को देखने के लिए इसे पहले गिरजाघर परिसर में रखा गया था और बाद में मंगलवार को उसे लोगों के बीच बांटा गया। गिरजाघर के फादर एम्ब्रोस पुथेनवीटिल ने बताया कि एंटनी के जन्मदिन पर पहले भी कई बार केक बनवाया गया और लोगों को बांटा गया, लेकिन यह पहला मौका था जब इतना विशाल केक बनाया गया।
इतनी लगी केक की लागत
उन्होंने कहा, ‘‘ इतना बड़ा केक बनाने के पीछे का मकसद यह था कि खास दिन गिरजाघर आने वाले हर एक व्यक्ति को केक का एक टुकड़ा मिल पाए।’’ उन्होंने बताया कि एक श्रद्धालु ने केक बनाने के लिए 3.5 लाख रुपये दिए थे और वह नहीं चाहता कि उसकी पहचान उजागर की जाए। पुथेनवीटिल ने बताया कि एक स्थानीय ‘बेकरी’ में 20 कर्मचारियों ने इस केक को तैयार किया।