छत्तीसगढ़ में खैरागढ़(Khairagarh_distric) विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के साथ खैरागढ़ को जिला बनाने की चुनावी घोषणा पर सियासी संग्राम शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को ट्वीट किया, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने पिछले विधानसभा चुनाव के समय के उनके वादों को याद दिलाया। मुख्यमंत्री बघेल ने उपचुनाव के तीन चुनावी वादों को ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के 24 घंटों के भीतर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला बनाया जाएगा। साल्हेवारा को पूर्ण तहसील और जालाबांधा को उपतहसील बनाया जाएगा। खैरागढ़ में दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह की आदमकद प्रतिमा लगेगी।
शुरू हुआ पूर्व मुख्यमंत्री रमन और वर्तमान मुख्यमंत्री के बीच ट्वीटर वार
मुख्यमंत्री बघेल के ट्वीट को टैग करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले सवा तीन साल में खैरागढ़(Khairagarh_distric), छुईखदान, गंडई में एक रुपये का निर्माण नहीं कराया। अब शराबबंदी, बेरोजगारी भत्ता और बकाया बोनस देने की तरह ही 24 घंटे में जिला बना देंगे? देवव्रत सिंह जब कांग्रेस में थे, तब प्रताड़ित किया, अब उनकी प्रतिमा बनाने की बात कर रहे हैं।
डा. सिंह के इस ट्वीट पर मुख्यमंत्री बघेल ने फिर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि डाक्टर साहब! आप शायद भूल रहे हैं कि यह नवा छत्तीसगढ़ है, जो झुकेगा नहीं, रुकेगा नहीं। यहां दो घंटे में किसानों का कर्ज माफ होता है। आदिवासियों की जमीन वापस होती है। फिर 24 घंटे तो बहुत हैं, आप बस देखते जाएं। जिला (Khairagarh_distric) भी बनेगा, बनकर रहेगा।
बीच में कूंदे पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर
मुख्यमंत्री बघेल के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री जी, अब कांग्रेस पार्टी ब्लैकमेलिंग भी करने लगी। यदि खैरागढ़ हारेंगे तो जिला नहीं बनेगा? यह तो खैरागढ़ की जनता और लोकतंत्र दोनों का अपमान है। आप और आपकी पार्टी आत्मविश्वास और आत्मसम्मान दोनों खो चुकी है।
घोषणा पत्र से बीजेपी को हार का डर सता रहा: कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र से भारतीय जनता पार्टी में बेचैनी और भगदड़ की स्थिति बन गई है। घोषणा पत्र जारी होने के बाद से ही भाजपा समर्पण की मुद्रा में आ गई है। खैरागढ़ की जनता कांग्रेस के घोषणा पत्र को गंभीरता से ले रही है। उसे मालूम है कि कांग्रेस जो कहती है, वह करती है।