इंदौर। प्रदेश के इंदौर शहर के एक प्रेमी जोड़े ने एक साथ नर्मदा नदी में कूदकर जान दे दी। दोनों का शव खरगोन जिले के बड़वाह के पास एक नहर मिला है। मामला इंदौर की कालानी नगर का बताया जा रहा है। यहां रहने वाला एक प्रेमी युगल बाइक से 65 किमी का सफर करके नर्मदा नदी पहुंचे थे। यहां दोनों ने आपस में हाथ बांधकर नदी में छलांग लगा दी। दोनों की नदी में डूबने से मौत हो गई। मामला शुक्रवार की रात बताया जा रहा है। शनिवार सुबह बड़वाह-सनावद के बीच एक्वाडक्ट नहर में शव दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। दोनों की बाइक भी हाइवे पर खड़ी मिली।
बाइक पर मिला मास्क और मोबाइल
बाइक पर मास्क, मोबाइल और दूसरा सामान मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों का शव बाहर निकाल लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। प्रथमदृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। हालांकि अभी हम इस बारे में पक्का कुछ नहीं कह सकते हैं। मामले की जांच के बाद ही खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक का नाम हेमंत चौहान है। वह हरदा जिले के गांव गंभीर का रहने वाला है। वह इंदौर में मैकेनिक का काम करता था। युवक के परिजन ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत इंदौर के एरोड्रम थाने में भी की थी। पुलिस ने बताया कि युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।